Headlines

महाराष्ट्र-झारखंड में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी: सचिन पायलट

मध्य प्रदेश में उपचुनाव के बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने गुरुवार को विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। जहां, पायलट ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अनुकूलता कम हो रही है, लोग इसकी ‘नीतियों’ और ‘एजेंसियों के दुरुपयोग’ से तंग आ चुके हैं। देश भर में भाजपा का ग्राफ गिर रहा है। महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव में भी ‘इंडिया’ गठबंधन ही जीतेगा।
कांग्रेस नेता पायलट ने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के आवास पर मीडिया से बात करते हुए कहा- मैं जमशेदपुर (झारखंड) गया हूं, वहां हमारी एकतरफा लहर चल रही है। बता दें कि पायलट राजस्थान की सीमा से लगे श्योपुर जिले के विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस के लिए प्रचार करने के लिए पहुंचे थे। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा भी मौजूद थे। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं द्वारा की गईं ‘मंगल सूत्र छीनने’ और हाल ही में ‘बटेंगे तो कटेंगे’ जैसी टिप्पणियों को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने भाजपा नेताओं पर चुनाव के दौरान निम्न-स्तरीय भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, कांग्रेस का ध्यान ‘पढ़ेंगे तो बढ़ेंगे’ जैसे सकारात्मकता वाले नारे देने पर है। इस प्रकार की संस्कृति को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। देश में लोग अब सत्ता और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग और ध्रुवीकरण को लेकर भाजपा से तंग आ चुके हैं।
मीडिया से बात करते हुए पायलट ने दो मुख्यमंत्रियों- झारखंड के हेमंत सोरेन और दिल्ली के अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भी भाजपा की आलोचना की। भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। पायलट ने कहा- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक के नेता देश को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं। मप्र में उपचुनाव के नतीजे 2028 के विधानसभा चुनाव में अपनी छाप छोड़ेंगे।