
भोपाल / ग्वालियर। मध्यप्रदेश में वोटों की गिनती जारी है। भाजपा ने यहां अपना प्रदर्शन सुधारते हुये क्लीन स्वीप कर लिया है। कांग्रेस की इकलौती सीट छिंदवाडा में भी कमल खिल गया है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने इसे कार्यकर्ताओं के मेहनत की जीत बताया है।
मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों को लेकर तमाम एग्जिट पोल्स ने जो दावा किया थो, वो सटीक निकले हैं। भाजपा ने क्लीन स्वीप कर अपना मिशन पूरा कर लिया है। चौंकाने वाली बात ये रही कि कांग्रेस का गढ़ कही जाने वाली छिंदवाड़ा सीट पर भी भाजपा ने बढ़त बना रखी है। मध्य प्रदेश में 2014 में मोदी लहर में कांग्रेस के बड़े-बड़े गढ़ ढह गए थे। सिर्फ गुना और छिंदवाड़ा में ही कांग्रेस को जीत मिली थी। 2019 में तो माहौल ही बदल गया। गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया को हार मिली। कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा को नकुल नाथ महज 25 हजार वोट से जीत सके थे। 2023 के विधानसभा चुनावों के नतीजों के आधार पर कांग्रेस को उम्मीद थी कि वह कम से कम 5 सीटों पर चुनौती देने की स्थिति में है। हालांकि, भाजपा के केंद्रीय और राज्य के नेतृत्व ने संकल्प लिया और सभी सीटों को जीतने के लिए पूरी ताकत लगा दी। इसका असर दिख भी रहा है।

