ट्रेनों में मिलेंगे मुलायम और हल्के कंबल, खादी की चादर भी मिलेंगी

ग्वालियर। ट्रेनों के एसी कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों को जल्द ही भारी-भरकम और गंदे कंबलों से निजात मिलेगी। इनके स्थान पर यात्रियों को अब मुलायम और कम वजन वाले कंबल दिए जाएंगे। इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज स्थित मुख्यालय से 10 हजार कंबलों की खरीद के लिए टेंडर निकाला था, जिसे 17 मई को खोला जाएगा। इन कंबलों को प्रयागराज, झांसी व आगरा मंडल में भेजा जाएगा। इन मंडलों से गुजरने वाली ट्रेनों में इन कंबलों का उपयोग किया जाएगा।

ट्रेनों के एसी कोच में अक्सर कंबलों के गंदे होने या फिर उनसे दुर्गंध आने की शिकायतें मिलती हैं। इसके अलावा ये कंबल काफी भारी होते हैं। रेलवे ने ट्रायल के तौर पर राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों को हल्के वजन के कंबल देने की व्यवस्था की थी, जिन्हें सप्ताह में दो से तीन बार धोया जा सकता है। वर्तमान में जो भारी कंबल मिलते हैं, वे महीने में एक या दो बार धोए जाते हैं। अब इसी व्यवस्था को अन्य ट्रेनों में भी लागू करने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही ऐसे कंबल इस्तेमाल में लाए जाएंगे, जिन्हें रोज या सप्ताह में कम से कम तीन दिन धोया जा सकेगा। इसके लिए ट्रेनों में वजन में हल्के और मुलायम कपड़े के कंबल दिए जाएंगे।

कंबलों के अलावा ट्रेनों में यात्रियों को खादी की चादर उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र सरकार द्वारा खादी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज स्थित मुख्यालय ने नौ हजार से अधिक खादी की चादरें उपलब्ध कराने का भी टेंडर निकाला है, जिसे 17 मई को खोला जाएगा। टेंडर खोलने के बाद तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन होगा, तब तक आचार संहिता भी समाप्त हो जाएगी। ऐसे में सबसे कम कीमत पर आपूर्ति करने वाली कंपनी को आपूर्ति का कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा।