ग्वालियर में रविवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार की नीतियों और लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों पर जमकर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने नीट (NEET) परीक्षा में लगातार हो रही धांधलियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है, साथ ही सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी कड़े सवाल उठाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नीट परीक्षा में हो रहे घोटालों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि देश में लगातार चौथी-पांचवीं बार नीट का पेपर लीक हुआ है, जिसके कारण लगभग 22 लाख छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है और उन्हें दोबारा परीक्षा देनी पड़ रही है। भाजपा शासित राज्यों से इसकी लगातार शिकायतें आ रही हैं और यह छात्रों के भविष्य के साथ खुलेआम व्यापार हो रहा है।
उन्होंने दावा किया कि साल 2017, 2021, 2024, 2025 और अब 2026 में भी पेपर लीक हुआ। इस बार जो आरोपी पकड़ा गया है, पिछले साल उसी के परिवार के पांच लोग मेडिकल कॉलेज में एडमिशन पा चुके हैं। पेपर लीक के जरिए करोड़ों रुपये कमाए जा रहे हैं।संसद की स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने बताया कि उनकी समिति ने नीट परीक्षा में पारदर्शिता लाने के लिए दो विस्तृत प्रतिवेदन (रिपोर्ट) और सुझाव सौंपे थे, लेकिन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने उन्हें स्वीकार तक नहीं किया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि स्टैंडिंग कमेटी के सुझावों को नहीं मानने पर “जब पत्रकारों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस पर सवाल किया, तो उन्होंने यह कहकर समिति के सुझावों को खारिज कर दिया कि इसमें विपक्ष के लोग भी हैं। यह लोकतंत्र की बुनियाद और संसद का अपमान है। मेरी अध्यक्षता में समिति ने जितनी भी रिपोर्ट दी हैं, वे भाजपा और विपक्ष के सांसदों की सर्वसम्मति से आई हैं, किसी में कोई ‘डिसेंटिंग नोट’ (विरोध) नहीं था। धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए, नहीं तो प्रधानमंत्री उन्हें तत्काल बर्खास्त करें।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया भाषणों पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में गरीबों से लेकर अमीरों तक, शादियों और आयोजनों में सोना खरीदने की एक अटूट परंपरा है। एक तरफ प्रधानमंत्री जनता से सोना न खरीदने की उम्मीद कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ सरकार ने सोने के आयात पर ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% कर दी है और खुद सरकार बड़ी मात्रा में सोना खरीद रही है। इस नीति के कारण देश के सुनार और उनके अंतर्गत काम करने वाले गरीब कारीगर भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं।
मध्य प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए bhaskarplus.com से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP News और पाएं MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी । मध्य प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

