धनाढय संस्थाः भगवान की थाली में सब्जी और सूखी रोटी परोसी

ग्वालियर । शहर के प्रमुख धनाढ्यों की धार्मिक संस्था सनातन धर्म मंडल में विराजित भगवान चक्रधर को दशहरे जैसे बड़े त्योहार पर भोग के रूप में अर्पित की गई थाली सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। ठाकुरजी को भोग के रूप में पकवान की बजाय चपाती जैसे चार परांठे, एक रसेदार और एक सूखी सब्जी के साथ एक बर्फी रखी दिख रही है। रात्रि भोज के समय तो रसोई पर ताला लगा हुआ था। ठाकुरजी को केवल दूध और कुछ फल ही भोग में अर्पित किए जा सके। रविवार को भगवान की थाली जब सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तो श्रद्धालुओं का जमकर आक्रोश फूटा। लोगों ने लिखा, क्या दशहरे जैसे त्योहार पर मंडल के पदाधिकारियों की रसोई में भी ऐसा भोजन बना होगा। यह बहुत ही शर्मनाक है।
दरअसल, हाल ही में हुए निर्वाचन के बाद गठित कार्यकारिणी में सामंजस्य नहीं होने के कारण प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था में ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस चूक के लिए जिम्मेदार अध्यक्ष और प्रधानमंत्री अब अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं भोग की व्यवस्था संभालने वाले धर्म मंत्री रविंद्र सिंहल चौबे का तो मोबाइल ही स्विच्ड ऑफ है। सनातन धर्म मंडल की कार्यकारिणी की बैठक में धर्म मंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों व महिला कार्यकारिणी सदस्य के बीच विवाद हो चुका है। इस विवाद के चलते सदस्य कृष्ण कुमार गोयल ने कार्यकारिणी सदस्य के पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसे कार्यकारिणी ने स्वीकार नहीं किया। बता दें धर्म मंत्री पर निर्वाचित हुए रविंद्र सिंहल चौबे की सदस्यता को लेकर चुनाव के समय विवाद हुआ था। सनातन धर्म में श्रद्धालुओं द्वारा जन्मदिन, शादी की वर्षगांठ व अपने प्रियजनों की पुण्यतिथि पर 700 रुपये जमाकर भोग लगाने की व्यवस्था है। मंडल के आठों मंदिरों में भोग की थाली सजती है और भोग लगवाने वाले श्रद्धालु को एक थाली डिस्पोजल में देने की व्यवस्था है। धर्म मंत्री पर निर्वाचित हुए रविंद्र सिंहल चौबे की सदस्यता को लेकर चुनाव के समय काफी विवाद हुआ था। चौबे से भी संपर्क करने का प्रयास किया,लेकिन उनका मोबाइल स्विच्ड ऑफ मिला है।