परम फूड प्लाजा पर पाव भाजी में झींगुर, खाद्य टीम ने नमूने लिए

ग्वालियर। परम फूड पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम जांच करने पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए पाव और रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने लिए। नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल में जांच के लिए भेजे जाएंगे। प्रशासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने परम फूड पहुंचकर निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि परम फूड प्लाजा पर पाव भाजी में झींगुर निकलने का मामला सामने आया था। डा. मयंक अपने परिवार के साथ यहां फास्ट फूड खाने के लिए पहुंचे थे। उनको पाव भाजी जब परोसी गई तो उसमें मरा हुआ झींगुर पड़ा था। परिवार ने इसकी शिकायत प्रबंधन से की, लेकिन टालमटोल का रवैया अपनाया गया। मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा प्रशासन को की गई। शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम परम फूड पहुंची और नमूने लेने की कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि परम फूड से नमूने लिए हैं। इनको जांच के लिए भोपाल भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।