
ग्वालियर। संगीतधानी में गुरु पूर्णिमा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर के प्रमुख गुरु स्थानों पर गुरु पूजन, पादुका पूजन के भंडारों व अन्य धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु गुरु पूजन की तैयारी कर रहे हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर नगर के प्रमुख मंदिर सनातन धर्म मंदिर सहित अन्य मंदिरों पर भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
गुरु पूर्णिमा के मौके पर 21 जुलाई को हरिओम आनंद अमृतम आश्रम 32, अशोक विहार कालोनी, हजीरा रोड पर सुबह से गुरु पूजन होगा। बाबा महाराज और बाबूजी महाराज की समाधि पर दर्शन पूजन होगा। शाम पांच से आठ बजे तक गुरु के भजन और आध्यात्मिक चिंतक लक्ष्मीकांत शर्मा (लक्की भैया) का सत्संग होगा। इसके बाद भंडारा होगा। इस मौके पर गुरुजी से जुड़े देशभर के भक्त ग्वालियर पहुंचेंगे। भारतीय शिक्षण मंडल द्वारा स्कूल कालेज, यूनिवर्सिटी स्तर पर गुरु पूर्णिमा व व्यास पूजन कार्यक्रम 22 जुलाई से चार अगस्त तक मनाया जाएगा। मंडल द्वारा 17 जुलाई को आयोजित वक्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम में यह निर्णय पदाधिकारी पंकज नाफडे, डा. शिवकुमार शर्मा, आरके उपाध्याय, पीयूष तांबे, प्रचार प्रमुख डा. आनंद शर्मा स्वाति पेंडसे ने लिया। मार्गदर्शक मंडल मीडिया निशिकांत सुरंगे ने बताया कि कार्यक्रम आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं ने विभिन्न संस्थाओं में संपर्क प्रारंभ कर दिया है। अब तक 60 मंडल कार्यकर्ताओं के नाम तय हो चुके हैं जो संस्थाओं में गुरु पूर्णिमा व्यास पूजन व वक्ता के रूप में जानकारी देंगे।
गायत्री प्रज्ञापीठ कंपू के व्यवस्थापक शिव वीर सिंह चौहान ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गायत्री मंदिर में गायत्री मंत्र जाप 20 जुलाई सुबह छह से शाम छह बजे तक होगा। गायत्री हवन 21 जुलाई और गुरु पूजन साढ़े ग्यारह बजे से होगा। इसी प्रकार गायत्री चेतना केंद्र पिंटू पार्क मुरार के व्यवस्थापक संजय शर्मा ने बताया कि मंदिर में सुबह छह से रात नौ बजे तक गायत्री मंत्र जाप इसके बाद 21 जुलाई को सुबह आठ बजे से पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ और गुरु पूजन का कार्यक्रम होगा।

