ग्वालियर | पड़ाव थाना क्षेत्र स्थित गोपांचल पर्वत जैन मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और एक व्यक्ति के बीच मारपीट हो गई, जिसमें एक श्रद्धालु घायल हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंदिर परिसर में हंगामा और धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार श्रद्धालु रोजाना की तरह मंदिर में दर्शन और पूजा करने पहुंचे थे। इसी दौरान अजीत बरैया, जो खुद को मंदिर का संरक्षक बताते हैं, ने श्रद्धालुओं को पूजा करने से रोकना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने पुजारी को भी पूजा-अर्चना कराने से मना कर दिया। श्रद्धालुओं द्वारा विरोध किए जाने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान श्रद्धालु डीके जैन घायल हो गए। उनकी आंख में चोट आई है, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई। मारपीट और विवाद से नाराज श्रद्धालु पड़ाव थाने पहुंचे और अजीत बरैया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। श्रद्धालुओं ने आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना से आस्था को ठेस पहुंची है और मंदिर की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को आवेदन दिया गया है। पड़ाव थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी और वीडियो फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मध्य प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए bhaskarplus.com से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP News और पाएं MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी । मध्य प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

