– दोबारा होगी नीट यूजी परीक्षा, फिर से फीस नहीं देनी होगी, रिफंड भी मिलेगा
पेपर लीक के आरोपों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को NEET (UG) 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। यह परीक्षा 3 मई को हुई थी। 22.79 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी। NTA ने कहा कि अब परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। नई तारीख बाद में जारी की जाएगी। उधर, केंद्र सरकार ने इस मामले की जांच CBI को सौंप दी है। NTA ने बताया कि भारत सरकार की मंजूरी मिलने के बाद परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया गया। उधर, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से दिल्ली में इस मामले में मीडिया ने सवाल पूछा तो वह बिना कुछ बोले निकल गए।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा रद्द कर दी है। एजेंसी ने केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा दोबारा कराने की घोषणा की है। परीक्षा रद्द होने के फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता का माहौल है। एनटीए ने हालिया नोटिस में फीस रिफंड और दोबारा आवेदन की जरूरत न होने बात कही है। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों में निराशा, गुस्सा और भविष्य को लेकर चिंता साफ दिखाई दी। कई छात्रों ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने उनकी मेहनत और भरोसे को तोड़ दिया है। केंद्र सरकार ने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। प्रेस रिलीज के अनुसार, एनटीए जांच एजेंसी को हर जरूरी दस्तावेज, रिकॉर्ड और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगी। एनटीए ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। एजेंसी ने माना कि परीक्षा दोबारा कराने से लाखों छात्रों और उनके परिवारों को असुविधा होगी, लेकिन परीक्षा प्रणाली पर भरोसा बनाए रखने के लिए यह फैसला जरूरी था।
नीट मामले में अब तक क्या-क्या हुआ प्वाइंट्स में समझें
- 3 मई 2026 को देशभर में नीट यूजी परीक्षा आयोजित हुई।
- परीक्षा से पहले एक “गेस पेपर” व्हाट्सएप और फोटोकॉपी दुकानों के जरिए छात्रों तक पहुंचा।
- जांच में सामने आया कि गेस पेपर के 100 से ज्यादा सवाल असली परीक्षा से मेल खाते थे।
- सबसे पहले सीकर में छात्रों ने शिकायत दी।
- राजस्थान एसओजी ने एडीजी विशाल बंसल के नेतृत्व में जांच शुरू की।
- एसओजी ने बताया कि 15 दिन से लेकर एक महीने पहले तक छात्रों तक ये गेस पेपर पहुंच चुका था।
- 1 मई को कथित सैंपल पेपर केरल से सीकर भेजा गया।
- 2 मई की रात कथित गेस पेपर व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए छात्रों तक पहुंचाया गया।
- 7 मई की शाम एनटीए को गड़बड़ी की शिकायतें मिलीं।
- 8 मई को एनटीए ने मामला केंद्रीय जांच एजेंसियों को सौंप दिया।
- शुरुआती जांच में गेस पेपर सार्वजनिक रूप से प्रसारित होने की बात सामने आई।
- झुंझुनूं से 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
- देहरादून से एक और आरोपी राजेश को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।
- अब तक 14 से अधिक गिरफ्तारियां हो चुकीं।
- केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद नीट यूजी 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया गया।
- मामले की जांच सीबीआई करेगी और परीक्षा दोबारा होगी।
- महत्वपूर्ण निर्देश:
- छात्रों को दोबारा परीक्षा के लिए नया रजिस्ट्रेशन (Registration) नहीं करना होगा。
- उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी; पहले जमा की गई फीस ही मान्य रहेगी。
- परीक्षा के लिए नए एडमिट कार्ड (Admit Card) जारी किए जाएंगे。

