योगमय हुआ ग्वालियर, भव्यता के साथ मना 11वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

ग्वालियर | पूरे देश और दुनिया के साथ ग्वालियर जिले में भी 11वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गाँव-गाँव और शहर-शहर में सामूहिक योग कार्यक्रम हुए। ग्वालियर के ऐतिहासिक दुर्ग पर स्थित राजा मानसिंह तोमर के महल की आभा में उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन कल्याण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह भी शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उदबोधन का सीधा प्रसारण भी हुआ।  मंत्री नारायण सिंह कुशवाह व सांसद  भारत सिंह, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, सूचना आयुक्त  उमाशंकर पचौरी, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  विवेक कुमार, नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय व आईआईटीटीएम के निदेशक आलोक शर्मा ने सामूहिक योगाभ्यास किया। साथ ही जनप्रतिनिधिगण, योग संस्थाओं से जुड़े नागरिक, विद्यार्थी, शिक्षक गण व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक सामूहिक योग में शामिल हुए।
मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने इस अवसर पर कहा भारत के लिए गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की पहल पर पिछले 11 साल से पूरे विश्व में योग दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा समृद्ध व विकसित भारत के निर्माण के लिये देश के हर नागरिक का शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है। नियमित योगाभ्यास से यह संभव है। इसलिए सभी लोग योग को अपनी दिनचर्या का अंग बनाएं। योग करने से हमें नई ऊर्जा मिलती है। योग से शारीरिक ही नहीं मानसिक मजबूती भी मिलती है। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया ने योग को अपनाया है। यह हम सबके लिए खुशी की बात है। साथ ही कहा कि योग से मन को शांति मिलती है, बुद्धि का विकास होता है और शरीर निरोगी रहता है। इसीलिए योग को भी तपस्या व साधना कहा गया है। जिला योग प्रभारी दिनेश चाकणकर ने बताया कि जिले में 11वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लगभग 2500 स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुए। इन सभी कार्यक्रमों में कुल मिलाकर लगभग 2 लाख 30 हजार प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।