जान हथेली पर रखकर सड़क पर चल रहे शहरवासी, सिकुडे फुटपाथों पर व्यापारियों का कब्जा


(धीरज बंसल)
ग्वालियर। अमूमन पैदल चलने वालों के लिये फुटपाथ बनाये जाते है, जिससे राहगीर सुरक्षित अपने गंतव्य पर पहुंच सकें। लेकिन ग्वालियर में पहले से ही सिकुड चुके फुटपाथों पर अब व्यापारियों ने कब्जा कर लिया है। फुटपाथों पर हुये अतिक्रमणों के कारण शहरवासी अपनी जान जोखिम में डालकर सड़क पर चल रहे है। जिससे उनकी जान को खतरा रहता है।
शहर में पसरी अव्यवस्थाओं की जद में अब फुटपाथ भी आ चुके है। पहले से ही या तो कई रोड फुटपाथ विहीन है या जिन पर फुटपाथ है और वह भी काफी हद तक सिकुड चुके है उनको भी व्यापारियों ने अपना सामान रखकर अस्थाई रूप से उन पर कब्जा कर लिया है जिससे शहरवासी फुटपाथ पर चलने से वंचित है। जबकि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिये सुरक्षित मार्ग के रूप में बनाये जाते है। क्योंकि सड़क पर वाहन दौड़ते है अगर पैदल चलने वाले से कोई वाहन आकर भिड़ जायेगा तो उसकी जान पर बन आती है इसलिये पैदल वालों के लिये फुटपाथ की व्यवस्था रहती है। लेकिन ग्वालियर में फुटपाथ तो है लेकिन वह पैदल वालों के लिये बचे ही नहीं है। क्योंकि फुटपाथों पर व्यापारी अपना कब्जा कर व्यापार कर रहे है। इससे पैदल वाले अपनी जान हथेली पर रखकर सडक पर चलने को मजबूर है। अतिक्रमणों की चपेट में आने से फुटपाथ सुबह से दुकाने खुले रहने तक दिखते ही नहीं है। ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ निगम का बुल्डोजर शांत है। फुटपाथों पर अतिक्रमण करने वाले व्यापारी खुलेआम कहते है हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। क्योंकि हम निगम अधिकारियों को खुश करके चलते है।
पढ़ते रहिये भास्कर प्लस