मौसम शुष्‍क: 10 अक्टूबर के बाद गिरेगा रात का तापमान, अभी सताएगी गर्मी


ग्वालियर। शहर में मानसून के सीजन की अधिकृत विदाई की घोषणा के साथ ही अब तापमान बढ़ने लगा है। दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है, जिसके कारण दिन के समय गर्मी का अहसास हो रहा है।
बंगाल की खाड़ी के शांत होने के कारण हवा के साथ नमी आना भी बंद हो गई है। इसके चलते दिनभर मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले 48 घंटों के दौरान यह क्रम लगातार जारी रहेगा, जिसके कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किए जाएंगे। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से सात से नौ अक्टूबर के बीच पूर्वी मप्र में वर्षा का दौर चलेगा और हवाओं के साथ शहर तक नमी आएगी। ऐसे में 10 अक्टूबर के आसपास से शहर में रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू होगा। हालांकि हल्की ठंडक की शुरुआत अक्टूबर माह के पहले पखवाड़े के बाद ही होगी, लेकिन दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहेगा।