ग्वालियर से इटावा तक 105 किमी नया फोरलेन हाईवे बनेगा

ग्वालियर (भास्कर प्लस)| ग्वालियर से आगरा के बाद अब ग्वालियर से इटावा बाया भिंड नया फोरलेन हाईवे (स्पीड कॉरिडोर) बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस हाईवे की दूरी मौजूदा हाईवे से 3 किमी कम 105 किलोमीटर होगी। साथ ही नए व मौजूदा हाईवे पर ट्रैफिक बंटने से वाहनों को गति मिलेगी। इससे करीब 1 घंटे समय बचेगा।
अभी ट्रैफिक लोड अधिक और जाम के कारण करीब ढाई घंटे समय लगता है। खास बात यह है कि मौजूद टू लेन हाईवे को ही फोरलेन बनाने पर 2700 करोड़ रुपए खर्च होंगे। जबकि नए फोनलेन हाईवे की लागत 2500 करोड़ रुपए है। मप्र सड़क विकास निगम ने इसका प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेज दिया है। मौजूदा हाईवे पर करीब 16 हजार वाहनों का ट्रैफिक लोड है। इसके विस्तार में कठिनाईयों को देख नया हाईवे बनाने का प्लान तैयार हुआ है, ताकि ट्रैफिक को बांटा जा सके।
पुरानी छावनी चौराहे से गोले का मंदिर, महाराजपुरा, लक्ष्मणगढ़ होकर झांसी बायपास साइड से गोहद रूट से नया फोरलेन स्पीड कॉरिडोर प्रस्तावित है। इसकी लंबाई 105 किमी और चौड़ाई 60 मीटर रहेगी। इसमें किसी इंफ्रास्ट्रक्चर को शिफ्ट करने या तोड़ने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए शासकीय व निजी भूमि का अधिग्रहण करना होगा। इसकी लागत 2200 करोड़ रुपए आने का अनुमान है।
यह 108 किमी लंबा होकर टू लेन है। जो पुरानी छावनी से इटावा तक जाता है। इसे गोले का मंदिर-एयरपोर्ट रोड, मेहगांव, भिंड में कुछ स्थानों पर ही फोर लेन रखा गया है। इसे फोरलेन बनाने में करीब ~2700 करोड़ खर्च आएगा। क्योंकि इंडस्ट्रियल एरिया मालनपुर में गैस पाइप लाइन और पूरे रूट में बिजली, पानी-सीवर लाइन, मकान, होटल, ढाबे हटाने में भारी मुआवजा देना होगा। समय भी अधिक लगेगा।
मौजूदा हाईवे को फोरलेन किए जाने के लिए भी सड़क विकास निगम डीपीआर तैयार कर रहा है। ताकि, दूसरा विकल्प भी तैयार रहे। नई दिल्ली की एक कंसल्टेंसी फर्म पुरानी छावनी से इटावा तक के इस रूट पर सर्वे कर रिपोर्ट बना रही है। जो मार्च 2025 तक प्रस्तुत होनी है। प्रारंभिक तौर पर विभागीय अधिकारियों के सर्वे में ये तथ्य सामने आए हैं कि यदि इस हाईवे का विस्तारीकरण किया जाता है तो कई परेशानियां इस प्रोजेक्ट में आएंगी। इसलिए ज्यादातर फोकस नए हाईवे पर भी किया जा रहा है।
नया 4 लेन स्पीड कॉरिडोर बनने से मौजूदा हाईवे पर भारी वाहनों की एंट्री बैन की जाएगी। इस हाईवे को मुख्य प्वाइंट्स पर नए हाईवे से कनेक्ट किया जाएगा। लेकिन भारी वाहनों का ट्रैफिक नए हाईवे से ही निकाला जाएगा। नए हाईवे से न सिर्फ भिंड, इटावा बल्कि कानपुर व अन्य शहरों के लिए भी कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी।

पढ़ते रहिये भास्कर प्लस