
– नरोत्तम विरोधी खेमे का कारनामा, भाजपा नेताओं ने सीएम से कराई बात
(धीरज बंसल)
भोपाल (भास्कर प्लस डाट काम)। मध्यप्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि भारतीय जनता पार्टी ने दतिया से कांग्रेस के कददावर विधायक राजेन्द्र भारती को पार्टी में शामिल होने का आफर दिया है। नरोत्तम विरोधी धड़े की ओर से भारती को यह आफर दिये जाने की चर्चा है। जिससे पूर्व गृह मंत्री को किनारे किया जा सकें। अगर राजेन्द्र भारती भाजपा में जाते है तो पार्टी ने उन्हें बड़े महकमे का मंत्री भी बना सकती है।
खबर है कि भाजपा का एक धड़ा नरोत्तम के प्रखर प्रतिद्वंदी और दतिया कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को भाजपा में लाने की प्लानिंग कर रहा है। कुछ सूत्रों का तो यहां तक दावा है कि एक संघ पदाधिकारी भी इस काम में अपनी महती भूमिका निभा रहे हैं और हाल ही में मोहन सरकार के एक कैबिनेट मंत्री चोरी छिपे राजेंद्र भारती से मिले और भाजपा के दो बड़े नेताओं से उनकी फोन पर बात भी करवा दी है। इस पूरे घटनाक्रम को बेहद ही सफाई के साथ अंजाम दिया जा रहा है। इसमें खास बात ये है कि भारती के संभावित दलबदल की प्लानिंग से दतिया डबरा के प्रमुख भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा को दूर रखा जा रहा है। ऐसे में ये सवाल उठना लाजमी है कि क्या भाजपा का जो धड़ा राजेंद्र भारती का दलबदल की रूपरेखा तैयार कर रहा है, वो कहीं न कहीं दतिया में नरोत्तम के वर्चस्व को निशाने पर भी ले रहा है? और दूसरा सवाल ये कि अगर कयासों के मुताबिक राजेंद्र भारती भाजपा का दामन थाम लेते हैं, तो फिर उपचुनाव की स्थिति में दतिया विधानसभा में भाजपा का चेहरा कौन होगा?
उल्लेखनीय है कि राजेंद्र भारती, जिन्होंने दतिया में नरोत्तम मिश्रा के खिलाफ चुनाव लड़ा था और राजनीतिक रूप से उनकी मुखर आलोचना की थी, अगर भाजपा में शामिल होते हैं, तो यह सवाल उठता है कि वह किसके इशारे पर यह कदम उठा रहे हैं। क्या यह भाजपा के अंदर किसी बड़े राजनीतिक खेल का हिस्सा है, या फिर भारती की अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं का परिणाम? अगर वह भाजपा में चले जाते है तो यह भी साफ है कि मिश्रा के राजनीतिक कद को कमजोर करने की कोशिशें जारी हैं।
पढ़ते रहिये भास्कर प्लस

