
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को टीम इंडिया के आगामी घरेलू सीजन 2024-25 के लिए अपडेटेड शेड्यूल जारी की है. बोर्ड ने बांग्लादेश और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के शेड्यूल में बदलाव किया है. श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के बाद से टीम इंडिया फिलहाल ब्रेक पर है और खिलाड़ी घरेलू टूर्नामेंट में खेलते हुए नजर आ सकते हैं. रोहित शर्मा की टीम अब 19 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच उतरेगी.
भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टी20 मैच 6 अक्टूबर 2024 को धर्मशाला में होना था, उसके शेड्यूल में बदलाव हुआ है. हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा ड्रेसिंग रूम में किए जा रहे बदलाव के कारण यह मुकाबला ग्वालियर में होगा. ग्वालियर में होने वाला मैच शहर के नए स्टेडियम श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम में होगा. इस मैदान पर यह पहला इंटरनेशनल मुकाबला होगा. ग्वालियर को 14 साल बाद किसी इंटरनेशनल मैच की मेजबानी मिली है. पिछली बार टीम इंडिया शहर के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में खेलेगी. साउथ अफ्रीका के खिलाफ उस मुकाबले में सचिन तेंदुलकर ने दोहरा शतक लगाया था. वह वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पहले पुरुष क्रिकेटर बने थे. तेंदुलकर ने 147 गेंद पर नाबाद 200 रन बनाए थे. तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 35 गेंद पर नाबाद 68 रन बनाए थे. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 3 विकेट पर 401 रन बनाए थे. जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 42.5 ओवर में 248 रन पर सिमट गई थी. भारत 153 रन से मैच जीतने में सफल हुआ था.

