ग्वालियर| दौलतगंज स्थित हिंदू महासभा कार्यालय में मंगलवार को नाथूराम गोडसे की 116वीं जयंती पर कार्यक्रम हुआ। यहां संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गोडसे की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। हिंदू महासभा ने शहर में चल समारोह निकालने की अनुमति मांगी थी, लेकिन जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और संभावित तनाव को देखते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पूरा कार्यक्रम कार्यालय परिसर में ही आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामबाबू सेन ने कहा कि नाथूराम गोडसे ने गांधी जी का “वध” किया था और भविष्य में उनकी मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। स्थिति को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस पहले से ही अलर्ट थी। कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बल भी मौजूद रहा। प्रशासन ने कहा कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी तरह की भड़काऊ गतिविधि पर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि ग्वालियर में गोडसे को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं। ऐसे आयोजनों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विरोध जताया जाता रहा है।
मध्य प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए bhaskarplus.com से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP News और पाएं MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी । मध्य प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

