
भास्करप्लस.काम
ग्वालियर। नगर निगम में भवन शाखा पूरी तरह भगवान भरोसे है। यहां पदस्थ जेडओ और भवन अधिकारी भवन अनुमति देकर भूल जाते हैं कि नियम कायदों का पालन हो रहा है या नहीं। इसका लाभ उठाकर भवन स्वामी अनुमति के विपरीत एमओएस छोड़े बगैर कई मंजिला इमारत तान देते हैं। फिर यदि कोई शिकायत आती है तो नोटिस देकर इतिश्री कर ली जाती है। भास्करप्लस.काम
जानकारी के मुताबिक ग्वालियर पूर्व, दक्षिण और ग्वालियर विधानसभा में ऐसा ही कुछ लगातार देखने में आ रहा है। यहां बहुत से भवन बिना अनुमति बन रहे हैं और बहुत से अनुमति के विपरीत। ऐसा ही एक मामला शिंदे की छावनी पर वार्ड 32 में नौगजा मार्ग पर 21 जनवरी 2019 में सोनू अग्रवाल, मनोज जैन, मनोज बंसल एवं मनजीत सिंह ने 840.73 वर्गमीटर पर जी प्लस टू की वाणिज्यिक कार्यालय की अनुमति नगर एवं ग्राम निवेश से ली थी। इसके बाद नगर निगम ने 19 जून 2020 में 1050 वर्गमीटर पर भवन निर्माण की अनुमति प्रदान की। लेकिन रोड बाइंडिंग और एमओएस का उल्लघन कर पांच मंजिला होटल बना दिया गया। इसमें कुल 34 हजार वर्गफीट निर्माण कर शर्तों का उल्लघंन किया गया। टेरेस पर अवैध रूप से स्वीमिंग पूल भी बना लिया गया है। इसके खिलाफ कई शिकायतें नगर निगम की जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पर करने के बावजूद भवन अधिकारी और जेडओ किसी तरह की कार्रवाई को तैयार नहीं है। भास्करप्लस.काम
वहीं वार्ड एक में बहोड़ापुर क्षेत्र की जय बिहार परिसर में दीपक गोयल द्वारा भूखण्ड क्रमांक बी 13 और बी 14 के अलावा सी चार एवं पांच पर एक साथ निर्माण कर चार मंजिला इमारत खड़ी कर दी गई है। जबकि 400-400 फीट के ईडब्ल्यूएस भूखंडों पर दो मंजिला अलग-अलग नामों से भवन अनुमति ली गई है। इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन और नगर निगम अधिकारियों से करने के बाद भी किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि दूसरी और भवन निर्माणकर्ता ने फ्लैटों का विक्रय कर अच्छी खासी रकम प्राप्त कर ली है। यह दोनों ही मामले ग्वालियर विधानसभा के हैं।
यहां बता दें कि जनकगंज क्षेत्र में दीपावली के पहले मेहता बंधुओं द्वारा खरीदी संपत्ति पर बिना अनुमति तलघर खोदने पर पड़ोसी का मकान धंसकने पर निर्माणकर्ता के खिलाफ जनकगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के अलावा ज्येद्रगंज में रिलायंस डिजिटल पर बुलडोजर चलाया गया था। साथ ही सराफा बाजार की पांच संपत्तियों को अनुमति से अधिक बनाने पर नोटिस दिए गए थे। यह कार्रवाई दहशत की साबित हुई। फिलहाल जनकगंज में भवन अनुमति मिलने पर एक बार फिर तलघर खुदाई जोर-शोर से चल रही है।
अनुमति का उल्लघन कर धड़ल्ले से हो रहा अवैध निर्माण, ईडब्ल्यूएस के दो भूखंड मिलाकर तानी मल्टी

