
ग्वालियर। दिल्ली और पंजाब की ओर से आ रहीं प्रदूषित हवाओं के कारण एक बार फिर शहर धुंध के आगोश में रहा। दृश्यता घटकर फिर 1500 मीटर पर आ गई। इसके चलते दिन और रात के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन फिर भी दिन की हद में गर्मी और रात में गुलाबी सर्दी रही। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मौसम में ज्यादा परिवर्तन की संभावना नहीं है, क्योंकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी नहीं हो रही है।
हवा का रुख भी दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है, ऐसे में तापमान सामान्य से अधिक ही बना रहेगा। शहर में दीपावली के बाद से दिल्ली और पंजाब की ओर से प्रदूषित हवाएं आ रही हैं। इसके अलावा हवा भी वायुमंडल में ऊपर बहने के बजाय सतही चल रही है। यही कारण है कि लगातार धुंध का माहौल बना हुआ है। जिसके कारण धूप की तेजी में कमी आई। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो पश्चिम की ओर बढ़ गया है। इसके अलावा अरब सागर के ऊपर चक्रवाती घेरा सक्रिय है। ऐसे में संभावना है कि हवा में रुख में कोई परिवर्तन हो सकता है, लेकिन तापमान में ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।

