कैलारस मेमू ट्रेन बिरला नगर स्टेशन से चलेगी!


ग्वालियर। कैलारस मेमू अब जल्द ही बिरला नगर स्टेशन से चलेगी। रेलवे ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और इसके लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। साथ ही भिंड-इटावा सहित अन्य पैसेंजर ट्रेनों के संचालन के लिए फिजिबिलिटी टेस्ट कराने की भी तैयारी है। यदि ओके रिपोर्ट आती है तो इसको लेकर भी जल्द ही निर्णय लिया जा सकता है। वर्तमान में ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी झेलना पड़ रही है।साथ ही हादसों की आशंका भी बढ़ गई है। ऐसे में बिरला नगर स्टेशन को विकल्प के रूप में उपयोग करने से मुख्य स्टेशन का काफी लोड कम किया जा सकता है। प्रथम चरण में रेलवे कैलारस मेमू का संचालन बिरला नगर से शुरू करने की योजना बना रहा है। जबकि ग्वालियर से भिंड-इटावा के बीच संचालित होने वाली तीन जोड़ी ट्रेनों का संचालन बिरला नगर से किया जा सकता है या नहीं इसके लिए फिजिबिलिटी सर्वे कराया जाएगा। यदि रिपोर्ट पाजिटिव आती है तो इसका भी प्रस्ताव तैयार करके बोर्ड को भेजा जाएगा।