मंडला में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने गौ शाला में पूजा अर्चना कर मनाया गोवर्धन पूजा का पर्व

मंडला जिले में शनिवार को गोवर्धन पूजा का जिला स्तरीय कार्यक्रम दयोदय गौ सेवा सदन आमानाला में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पीएचई मंत्री सम्पतिया उइके और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने शामिल होकर गौ और गोवर्धन पूजा की। इस दौरान मंत्री और सांसद ने गौशाला में रहने वाली गायों की पूजा अर्चना की और गायों को भोजन कराया।
मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि हम परंपरागत रूप से दीपावली के दूसरे दिन अन्नकूट और गोवर्धन पूजा करते थे लेकिन अब गौ संरक्षण और संवर्धन के लिहाज से शासन स्तर पर भी गोवर्धन पूजा करने का निर्णय लिया है। शासन के इस कदम से निश्चित ही गौ संरक्षण और संवर्धन होगा ।सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गौवंश की रक्षा करना हमारी प्राचीन परंपरा रही है। गोवर्धन पूजन का कार्यक्रम प्राचीनकाल से ही परंपरागत रूप से मनाया जा रहा है। गोवर्धन पूजा में हमारी प्राचीन संस्कृति और परंपरा झलकती है।

कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, अखिलेश कछवाहा, शैलेश मिश्रा, जयदत्त झा, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, सीईओ श्रेयांश कूमट, एएसपी अमित वर्मा, संयुक्त कलेक्टर जेपी यादव सहित अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी और पत्रकार मौजूद थे।