
ग्वालियर। अरब सागर में बने नए सिस्टम के प्रभाव से शहर के मौसम में एक बार फिर बदलाव हो गया। शनिवार को आसमान में बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में गिरावट आ गई। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन हवा में नमी होने के कारण हल्की उमस ने परेशान किया।
तापमान में आए दिन थोड़ा-बहुत घट-बढ़ की स्थिति है। यानी अब सूरज का जोर नहीं चल रहा है। रविवार को भी इस सिस्टम का प्रभाव बना है। बादलों की मौजूदगी है और हल्की बूंदाबांदी भी है। ऐसी स्थिति में जल्द ही गुलाबी सर्दी दस्तक दे सकती है। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पूर्व-मध्य अरब सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है। इससे एक चक्रवाती घेरा भी जुड़ा हुआ है। इस कम दबाव के क्षेत्र के केंद्र से लेकर तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु होते हुए उत्तरी श्रीलंका तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है।

