
ग्वालियर। अंचल में मंगलवार रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश बुधवार सुबह तेज व मूसलाधार बारिश में बदल गई। लगातार बारिश के चलते बुधवार सुबह तिघरा के 7 गेट ढाई फीट तक खोले गए हैं। जिससे तिघरा के प्रभावित क्षेत्र ग्वालियर और मुरैना के कुछ गांव में अलर्ट घोषित किया गया है। साथ ही रमौआ बांध में लगातार जलस्तर बढ़ने पर मुरार नदी में पानी छोड़े जाने के बाद निचली बस्तियों में रहने वाले एक बार फिर संकट में आ गए हैं।
लगातार तेज बारिश के चलते कलेक्टर ग्वालियर रुचिका चैहान ने आठवीं तक स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। हालांकि यह आदेश सुबह 7.47 बजे जारी किया गया, तब तक बच्चे स्कूल पहुंच चुके थे। जिला शिक्षा अधिकारी ने हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी की त्रैमासिक परीक्षा आज स्थगित कर दी है। ग्वालियर में बुधवार सबह सुबह 9.15 बजे तिघरा बांध के 7 गेट को 2.5 फीट तक खोलकर लगभग 12500 क्यूसेक जल की निकासी की गई है। जिससे सांक नदी में उफान आ गया है। सांक नदी के किनारे बसे हुए गांव के लोगों को सतर्क रहने व नदी किनारे न जाने के लिए चेतावनदी दी है। तिघरा से पानी छोड़ने के कारण ग्वालियर के ग्वालियर के प्रभावित क्षेत्र ग्राम तिघरा, ग्राम कैथा, ग्राम तालपुरा, ग्राम महिदपुर, ग्राम पृथ्वीपुर, ग्राम कुलैथ, ग्राम अगरा भटपुरा, ग्राम दुगनावली व ग्राम तिलघना में तिघरा से पानी छोडे जाने के बाद अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही मुरैना के प्रभावित क्षेत्र ग्राम पहाड़ी, ग्राम जखौदा, व ग्राम बामोर में तिघरा से छोड़ा गया पानी संकट बन सकता है। यहां स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने अलर्ट जारी किया है।

बंगाल की खाड़ी में बने स्ट्रॉन्ग सिस्टम ने जमकर बारिश कराई है। ग्वालियर-चंबल अंचल पर इस साल मानसून मेहरबान है। जून, जुलाई व अगस्त के बाद सितंबर में भी आसमान में बादल मंडरा रहे हैं और अच्छी बारिश करा रहे हैं। पिछले 50 साल के इतिहास में सितंबर में ऐसी जोरदार मानसूनी बारिश नहीं हुई है। यही कारण है कि इस मानसून में अब तक 1135.8 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है। मंगलवार दिन और रात में 90.8 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है। बुधवार सुबह से बारिश जारी है। पिछले सप्ताह भी सितंबर के तीन दिन 10, 11 व 13 सितंबर को जिले में सवा दो सौ मिलीमीटर बारिश ने कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
ग्वालियर-रतनगढ़ मार्ग पर रास्ता बंद, जगह जगह भरा पानी
ग्वालियर में बुधवार सुबह से तेज बारिश के चलते लोग बेहाल हैं। ग्वालियर के बेहट व रतनगढ़ के बीच रपटा पर पानी पुल से ऊपर बह रहा है, जिस कारण बेहट से रतनगढ़ माता मंदिर जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस रास्ते से रतनगढ़ मंदिर न जाएं। वहीं ग्वालियर के हरिशंकरपुरम, उपनगर ग्वालियर के इलाकों, हजीरा, नीचली बस्तियों में पानी भर गया है। जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

