
ग्वालियर। बारिश के बाद सड़कें खस्ताहाल हैं। इससे न केवल आम नागरिकों, बल्कि भगवान को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां जर्जर सड़कों को देखते हुए तय हुआ है कि विसर्जन से पहले बप्पा का नगर भ्रमण नहीं होगा।
बारिश के कारण ग्वालियर की सड़कों की हालत और भी जर्जर हो गई है। सड़कों को हालात को देखते हुए अचलेश्वर विराजित 20 फीट ऊंची गणपति बप्पा की प्रतिमा को मंगलवार को नगर भ्रमण की बजाये सीधे ट्रोला के माध्यम से विसर्जनस्थल पर ले जाया जाएगा। श्रीजी का विसर्जन सागरताल पर जिला प्रशासन द्वारा निर्मित अस्थाई तालाब में किया जायेगा या फिर नूराबाद ले जाकर किया जायेगा। इसका निर्णय अस्थाई तालाब को देखने के बाद किया जायेगा।
परंपरा के अनुसार, श्रीजी को चल समारोह के रूप में विसर्जित किया होते हैं। अचलेश्वर मंदिर पर पिछले तीन दशक से अधिक समय श्रीजी की प्रतिमा विराजित की जा रही है। अनंत चतुदर्शी को श्रीजी को विसर्जन के लिए चल समारोह के रूप में नगर भ्रमण के लिए सागरताल पर ले जाया जाता रहा है। इस बार बारिश के कारण सड़कों की हालत खराब है। पहले बप्पा को दालबाजार, नया बाजार, ऊंट पुल, पाटनकर बाजार, सराफा बाजार, गश्त का ताजिया, राममंदिर, फालका बाजार, शिंदे की छावनी होते हुए सागरताल ले जाया जाता रहा है।इस बार प्रतिमा को क्रेन की मदद से ट्रोला पर विराजित कर जयेंद्रगंज होते हुए सीधे विसर्जन स्थल पर ले जाये जायेगा। इसके लिए गणेश मंडल की ओर से खराब सड़कों का हवाला दिया गया है।

