अब फूलबाग चौराहा स्तंभ पर सांप की आकृति के स्थान पर दीप दिखेंगे

शहर के तीन चौराहों के री-डेवलपमेंट का काम फिलहाल थमा हुआ है। फूलबाग चौराहे पर बनने वाले स्तंभ में सांप की आकृति और ऊपर लैंप लगाने के डिजाइन में बदलाव किया गया है। अब यहां पर 76 सांप की आकृति के स्थान पर दीप नजर आएंगे। उनके ऊपर लैंप लगाएं जाएंगे। ये सभी बिजली चलित होंगे। चौराहा के चारों तरफ लगने वाली जालियों में पहले सूर्य और सांप की आकृति को डिजाइन किया था। अब उसमें भी बदलाव किया जा रहा है। यह डिजाइन सिंधिया स्टेट के प्रतीक चिन्ह (राजचिह्न ) जैसा दिखता है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने फूलबाग, अचलेश्वर और जयेंद्रगंज चौराहे का विकसित करने के लिए राशि दी थी। उस पर नगर निगम ने तैयारी कर चौराहों को डिजाइन किया था। फूलबाग चौराहे को लेकर आपत्ति के बाद डिजाइन में बदलाव किया गया है। इसके चलते ठेकेदार ने काम को रोक दिया था। अब इसमें उच्च स्तर पर डिजाइन में बदलाव कर फाइनल किया है। ज्ञात रहे तीनों चौराहों पर काम 2.67 करोड़ रुपए से होने हैं।