ईरान-अमेरिका के बीच जारी तनाव का असर अब शहर की रसोई तक पहुंचने लगा है। गैस संकट की आशंका के बीच घरेलू उपभोक्ताओं ने सिलेंडर की एडवांस बुकिंग बढ़ा दी है। लोग घर में एक भी खाली सिलेंडर नहीं रखना चाहते, जिसके चलते गैस एजेंसियों पर दबाव अचानक बढ़ गया है। स्थिति यह है कि जहां पहले घरेलू सिलेंडर की डिलीवरी 28 दिन में हो जाती थी, वहीं अब उपभोक्ताओं को 33 से 35 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। शहर में इस समय 15 हजार से अधिक उपभोक्ता सिलेंडर की वेटिंग में बताए जा रहे है। गैस एजेंसी संचालकों के अनुसार पहले शादी समारोहों के लिए कमर्शियल सिलेंडर की मांग अधिक रहती थी और लोग कार्ड के साथ आवेदन करते थे। अब महंगे दामों के कारण ऐसे आवेदन कम हो गए हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस रिफिल के लिए जब वे बुकिंग नंबर पर कॉल कर रहे हैं तो तत्काल बुकिंग दर्ज नहीं हो रही। फोन पर केवल यह संदेश सुनाई दे रहा है कि बुकिंग की सूचना मैसेज के जरिए दी जाएगी, लेकिन कई घंटों बाद भी कंफर्मेशन मैसेज नहीं पहुंच रहे। इस परेशानी के चलते बड़ी संख्या में लोग सीधे गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। शहर में हर दिन करीब 10 हजार घरेलू सिलेंडरों की जरूरत होती है, जबकि मांग लगातार बढ़ती जा रही है। जिला आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय में रोजाना करीब 150 शिकायतें पहुंच रही हैं। गैस संकट के साथ महंगाई ने भी उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3296 रुपए तक पहुंच गई है। व्यापारियों का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडर महंगे होने से कई छोटे दुकानदार घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने लगे हैं। इसका सीधा असर घरेलू उपभोक्ताओं की उपलब्धता पर पड़ रहा है। एजेंसियों का मानना है कि घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में बढ़ते अंतर के कारण घरेलू सिलेंडरों का अवैध उपयोग भी बढ़ा है।
मध्य प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए bhaskarplus.com से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP News और पाएं MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी । मध्य प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

