ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के गृह नगर ग्वालियर में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती से स्थानीय लोग और व्यापारी भीषण परेशानी का सामना कर रहे हैं। कंपू क्षेत्र में सबसे ज्यादा बिजली कटौती से कामकाज जहां प्रभावित हो रहा है। वहीं उमस भरी गर्मी में लोग पसीना पसीना हो रहे है। डबरा सहित कई इलाकों में रोजाना 5-6 घंटे तक बिजली गुल रहने से बच्चों की पढ़ाई और रात की नींद प्रभावित हो रही है।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों कंपू, बाड़ा, दौलतगंज, सराफा बाजार, शिंदे की छावनी आदि क्षेत्रों में दिन में कई बार ट्रिपिंग और फॉल्ट के कारण बिजली कटौती हो रही है, जिससे त्राहिमाम मचा है। इसको लेकर पिछले दिनेां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तानसेन नगर बिजली सब केंद्र पर प्रदर्शन किया और ऊर्जा मंत्री से इस्तीफे की मांग की थी। मजे की बात यह है कि साल भर मेंटेनेंस के नाम पर कटौती के बावजूद लगातार फॉल्ट हो रहे हैं, जिससे मेंटेनेंस पर ही सवाल उठ रहे हैं। बिजली विभाग के अप्रैल 2026 तक के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक शहर के प्रमुख फीडर औसतन महीने में 244 बार ट्रिप हो रहे हैं। मेंटेनेंस के नाम पर रोजाना कई घंटों की घोषित कटौती के बावजूद दिन-रात अनियोजित तरीके से बिजली गुल हो रही है। अत्यधिक गर्मी और लोड बढ़ने के कारण सिटी वन और काल्पी जैसे सबसे प्रमुख व्यावसायिक फीडर भी बार-बार खराब हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों की शिकायत है कि फॉल्ट होने पर न तो स्थानीय अधिकारी फोन उठाते हैं और न ही मुख्य हेल्पलाइन पर तुरंत समाधान मिलता है।
समस्या को बढ़ता देख ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर खुद मैदान में उतरे हैं। ऊर्जा मंत्री ने स्वयं मध्यरात्रि में बिजली उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है। इससे पहले भी कार्यों में लापरवाही बरतने और बिना जानकारी गायब रहने पर डबरा डिवीजन के डिप्टी जनरल मैनेजर को निलंबित किया जा चुका है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा शहर के 22 अलग-अलग जोनों में संपर्क अभियान-2026 के तहत विशेष समाधान शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में खराब मीटर बदलने, बिल सुधारने और वोल्टेज की समस्याओं का मौके पर निपटारा किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए bhaskarplus.com से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP News और पाएं MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी । मध्य प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

