ग्वालियर के घाटीगांव क्षेत्र के इमलिया गांव में गुरुवार को एक निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। इस हादसे में एक बुजुर्ग कारीगर की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठा एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय दोनों मजदूर छज्जे के नीचे बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज के साथ निर्माणाधीन छज्जा अचानक गिर पड़ा और दोनों उसके मलबे में दब गए। मृतक का नाम हेम सिंह जाटव (54) है। वह सिरोल हुरावली स्थित बघेल मोहल्ला का रहने वाले थे। पिछले कुछ दिनों से इमलिया गांव में ठेकेदार के माध्यम से एक मकान के निर्माण काम में लगे हुए थे। दोपहर करीब 2 बजे यह हादसा हुआ। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हेम सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल मजदूर का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के बेटे गौरव जाटव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।घाटीगांव थाना प्रभारी पूरन शर्मा के अनुसार, निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से एक कारीगर की मौत और एक मजदूर के घायल होने का मामला दर्ज किया गया है। मर्ग कायम कर लिया गया है और निर्माण कार्य में हुई लापरवाही के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मध्य प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए bhaskarplus.com से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP News और पाएं MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी । मध्य प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

