देश में रसोई गैस LPG सिलेंडर की डिलीवरी को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए अब Delivery Authentication Code (DAC) सिस्टम लागू कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था के तहत हर सिलेंडर की डिलीवरी DAC कोड के जरिए सत्यापित की जा रही है, ताकि गैस सही उपभोक्ता तक पहुंचे और फर्जी डिलीवरी पर रोक लगाई जा सके। हालांकि, इस सुरक्षा प्रणाली का फायदा साइबर ठग भी उठाने की कोशिश कर रहे हैं। फर्जी कॉल और मैसेज के जरिए लोग खुद को गैस एजेंसी या कंपनी का कर्मचारी बताकर ग्राहकों से DAC या OTP मांग रहे हैं। इसे लेकर HP Gas, Bharat Gas और Indane Gas ने उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। कंपनियों ने स्पष्ट कहा है कि उनका कोई भी अधिकृत कर्मचारी फोन कॉल, WhatsApp, लिंक या मैसेज के जरिए DAC या OTP नहीं मांगता। यदि कोई व्यक्ति KYC अपडेट, तेज डिलीवरी या बुकिंग कन्फर्मेशन के नाम पर कोड मांगता है, तो यह धोखाधड़ी हो सकती है।

