बड़ी प्रशासनिक सर्जरी: भरत यादव को सीएमओ से हटाया, 42 आईएएस अफसरों की नवीन पदस्थापना

मध्य प्रदेश में 42 आईएएस अधिकारियों की नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए गए है। इसमें भरत यादव को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से हटाकर अन्य पद पर स्थानांतरित किया गया है। वहीं, नेहा मारव्या को पहली बार कलेक्टर बनाया गया है। कई जिलों में कलेक्टर के पद पर भी बदलाव किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के चार दिवसीय यात्रा पर रवाना होने के कुछ देर बाद प्रदेश में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की गई है। इसमें 42 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर आदेश जारी किए गए है। इस क्रम में प्रमुख बदलावों में से एक मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव भरत यादव का सीएमओ से हटा दिया गया है, उनको मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। वहीं, उनकी जगह खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, मध्य प्रदेश तथा प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश राज्य भंडार गृह निगम भोपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे सिबि चक्रवर्ती एम को मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, 2011 बैच की आईएएस अधिकारी नेहा मारव्या को पहली बार कलेक्टर पद पर नियुक्त किया गया है। वह लंबे समय से राजस्व विभाग में अपर सचिव के पद पर पदस्थ थी। मारव्या को डिण्डोरी जिले का कलेक्टर बनाया गया है।