
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है। चुनाव आयोग के अनुसार राज्य में एक ही चरण में सभी 288 सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 22 अक्तूबर को अधिसूचना जारी होगी, जबकि नामांकन की आखिरी तारीख 29 अक्तूबर को है। इस कड़ी में 30 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, वहीं नाम वापसी के लिए 4 नवंबर आखिरी दिन होगा।
महाराष्ट्र में विधानसभा के लिए चुनावी कार्यक्रम
| कार्यक्रम | तिथि |
|---|---|
| चुनाव की अधिसूचना | 22 अक्तूबर |
| नामांकन की आखिरी तारीख | 29 अक्तूबर |
| नामांकन पत्रों की जांच | 30 अक्तूबर |
| नाम वापसी का अंतिम दिन | 4 नवंबर |
| मतदान की तारीख | 20 नवंबर |
| मतगणना की तारीख | 23 नवंबर |
चुनाव आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। यहां 81 विधानसभा सीटों पर दो चरण में चुनाव होंगे। पहले चरण में 13 नवंबर और दूसरे चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा। जबकि 23 नवंबर को मतगणना होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में पहले चरण की अधिसूचना 18 अक्तूबर को जारी होगी। जबकि नामांकन 25 अक्तूबर से शुरू होंगे। वहीं नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्तूबर को होगी। नाम वापसी 30 अक्तूबर को होगी। जबकि मतदान 13 नवंबर को होगा।वहीं दूसरे चरण के चुनाव की अधिसूचना 22 अक्तूबर को जारी होगी। नामांकन 29 अक्तूबर से होंगे। नामांकन पत्रों की जांच 30 अक्तूबर को होगी। जबकि नाम वापसी एक नवंबर को होगी। दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा। नतीजे 23 नवंबर को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि झारखंड में कुल मतदाता 2.06 करोड़ हैं। इनमें से पुरुष मतदाता 1.31 करोड़ और महिला मतदाता 1.29 करोड़ हैं। इसके अलावा झारखंड में कुल युवा मतदाता 66.84 लाख हैं। जबकि फर्स्ट टाइम वोटर 11.84 लाख और दिव्यांग मतदाता 3.67 लाख हैं। साथ ही यहां पर थर्ड जेंडर मतदाता 448 हैं। इसके साथ ही सौ साल से ऊपर वाले मतदाता 1706 और 85 वर्ष से ऊपर के मतदाता 1.14 लाख हैं।
इन लोकसभा और विधानसभा सीटों पर होगा उपचुनाव
जिन दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें केरल की वायनाड लोकसभा सीट और महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट शामिल हैं। जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, उनमें असम की धोलाई, सिडली, बोनगाईगांव, बेहाली और सामागुरी शामिल हैं। वहीं बिहार की रामगढ़, तराई, इमामगंज और बेलागंज सीट पर उपचुनाव होने हैं। छत्तीसगढ़ की रायपुर सिटी साउथ सीट पर, गुजरात की वाव सीट पर, कर्नाटक की शिगांव, संदूर और चन्नापाटना सीट शामिल हैं। केरल की पलक्कड़ और चेलाक्कारा सीट पर उपचुनाव होने हैं। मध्य प्रदेश की बुधनी और विजयपुर, मेघालय की गामबेगरे, पंजाब की गिद्दरबाहा, डेरा बाबा नानक, बरनाला और छब्बेवाल सीट पर उपचुनाव होने हैं।
राजस्थान की चौरासी, खिंवसर, दौसा, झुनझुनु, देवली उनियारा, सालंबर और रामगढ़ सीटों, सिक्किम की सोरेंग चकुंग, नामची सिंगिथांग, उत्तर प्रदेश की मीरापुर, कुंदरकी, गाजियाबाद, खैर, करहल, फूलपुर, काटेहरी, मझवां, सीसामऊ सीटों पर उपचुनाव होंगे। उत्तराखंड की केदारनाथ और पश्चिम बंगाल की तालडंगरा, सिताई, नैहाटी, हरोआ, मेदिनीपुर और मदरीहाट सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान होगा।उपचुनाव असम की पांच विधानसभा सीटों, बिहार की 4 सीटों, छत्तीसगढ़ की एक सीट, गुजरात की एक, कर्नाटक की 3, केरल की तीन (दो विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट), मध्य प्रदेश की दो सीटों, महाराष्ट्र की एक लोकसभा सीट और मेघालय की एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे।

