बिजली कंपनी ने टांगी ऊर्जा मंत्री के क्षेत्र में बकायेदारों की सूची

ग्वालियर। लंबे समय से बिजली का बिल न भरने वाले बकायेदारों से वसूली के लिए बिजली कंपनी सख्ती दिखा रही है। लोग बकाया बिल जमा कर सकें, इसके उसने बकायादारों की सूची चौराहों पर टांगने का अभियान चलाया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के क्षेत्र नगर संभाग उत्तर में अब कंपनी ने एक लाख से अधिक के बकायेदारों की सूची टांग दी है।
बिजली कंपनी इन बकायेदारों को बिल जमा करने के लिए कई बार नोटिस दे चुकी है, लेकिन इसके बाद भी बकायेदारों द्वारा बिल जमा नहीं किया जा रहा है। इसके चलते एक से छह लाख तक के बकायेदारों की सूची को बिजली कंपनी ने प्रमुख चौराहों पर टांग दिया। इसके बाद भी यह बकायेदार बिल की राशि जमा नहीं करते हैं तो विभाग इनकी चल अचल संपत्तियों को जब्तकर कुर्की की कार्रवाई कर बिल की बकाया राशि वसूलेगी। उत्तर संभाग ऊर्जा मंत्री तोमर के विधानसभा क्षेत्र में आता है। यहां करीब 20 हजार उपभोक्ताओं पर बिजली कंपनी का करोड़ों रुपये का बकाया है। अगर हम शहर वृत्त के चारों संभाग की बात करें तो करीब 35 हजार उपभोक्ताओं पर 520 करोड़ रुपये का बकाया है।
नगर संभाग उत्तर ट्रांसपोर्ट नगर में जोन कार्यालय, फूलबाग चौपाटी, तानसेन जोन में स्टेट बैंक चौराहा, विनय नगर क्षेत्र में उरवाई गेट, लधेड़ी व मलगढ़ा तिराहा पर बकायादारों की सूची टांगी गई है। यहां बता दें कि बकायादारों की सूची चौराहों पर टांगने का अभियान सबसे पहले नगर संभाग दक्षिण में शुरू हुआ। उत्तर संभाग बकायेदारों की सूची लगाने में पीछे रहा। रोशनी घर पर जरूर इस क्षेत्र के सिर्फ तीन बकायादारों के नाम एक सूची पर लगाए गए थे।