अमरवाड़ा उपचुनाव में फिर पिछड़ी कांग्रेस, अभी तक नहीं तय कर पाई प्रत्याशी

मध्यप्रदेश की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस एक बार फिर से पिछड़ती हुई नजर आ रही है। जहां बीजेपी ने अपना उम्मीदवार घोषित कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की उपस्थिति में नामांकन दाखिला कर दिया है, वहीं कांग्रेस पार्टी अपने उम्मीदवार का चयन भी नहीं कर पाई है।

यह बात खास इसलिए है, क्योंकि 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस का यही हाल था। जहां बीजेपी ने आचार संहिता लगने के पहले ही अपने उम्मीदवारों की लिस्ट लगातार जारी करती रही। वहीं, कांग्रेस अंतिम मौके तक इंतजार करती रही और आखिरी मौके पर टिकट का वितरण किया था। और विधानसभा चुनाव में उन्हें बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। यही हाल उपचुनावों में दिखाई दे रहा है, जबकि पीएससी के जीतू पटवारी लगातार यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि टीम बहुत सक्रियता से कम कर रही है। जानकारी के अनुसार, इस सीट पर कमलनाथ आखिरी फैसला ले सकते हैं। यही वजह है कि सभी की नजरें कमलनाथ पर टिकी हुई हैं। अमरवाड़ा विधानसभा सीट पूर्व सीएम कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा के अंतर्गत आता है। इसलिए यहां होने वाले उपचुनाव पर प्रदेश भर की निगाहें हैं। कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर कई संभावित दावेदारों के नाम सामने आए हैं, जिनमें से एक उम्मीदवार प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

इन नामों पर चल रहा मंथन
छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अमरवाड़ा विधानसभा विधानसभा से कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों में महेश धुर्वे, चंपालाल कुर्चे, गणेश दास, रिटायर्ड डीएसपी रामनारायण परतेती और नवीन मरकाम के नाम पर लगातार मंथन किया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षकों ने प्रदेश कांग्रेस को संभावित दावेदारों की सूची भेजी है। प्रदेश संगठन और कमलनाथ की सहमति के बाद ही प्रत्याशी तय किया जाएगा। जानकारी ने अनुसार, यहां से नवीन मरकाम प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। नवीन मरकाम अमरवाड़ा जिला पंचायत के सदस्य भी हैं। क्षेत्र में उनकी अच्छी खासी पकड़ मानी जाती है। नवीन मरकाम का नाम लगभग तय माना जा रहा है।

नामांकन प्रक्रिया जारी, 10 जुलाई को होंगे चुनाव
उपचुनाव के लिए अब एक महीने का भी समय नहीं बचा है। अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव आयोग ने चुनावी कार्यक्रम घोषित कर दिया है। 21 जून को नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। 24 जून को नामंकन पत्रों की समीक्षा होगी। इसके बाद 26 जून तक नाम वापस लिया जा सकता है। वहीं, मतदान 10 जुलाई को होगा और चुनाव के परिणाम 13 जून को आएंगे।