प्रदेश में ग्वालियर सबसे गर्म, पचमढ़ी सबसे ठंडा

मध्य प्रदेश में प्री-मानसून की जमकर बारिश हो रही है। प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश हो रही है तो कुछ जिलों में तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के देवास, बड़वानी, छिंदवाड़ा, खरगोन और जबलपुर समेत 22 जिलों में आज भी आंधी और बारिश के आसार है। मौसम विभाग की ओर से यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दतिया और ग्वालियर में गर्मी का देर असर देखने को मिलगा। यहां, लू का अलर्ट जारी किया गया है।

इससे पहले मंगलवार को टीकमगढ़, गुना, राजगढ़ और सिवनी में जोरदार बारिश हुई। विदिशा, मंडला, सतना, नरसिंहपुर, सिवनी, भोपाल, छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम में हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में सुबह पांच बजे तक रिमझिम बारिश होती रही। मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला ग्वालियर रहा, यहां दिन का तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद पृथ्वीपुर में अधिक गर्मी रही, यहां का तापमान 43.7 डिग्री रहा है। वहीं, शिवपुरी में 42, बिजावर में 41.2, गुना में 41.5, चित्रकूट में 41.7, सीधी में 42.2, खजुराहो में 41, रीवा में 42.4, और जबलपुर में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार को प्रदेश के टॉप पांच सबसे ठंडे जिलों की बात करें तो पचमढ़ी में अधिकतम तापमान सबसे कम 31.8 डिग्री दर्ज किया गया। गर्मी के लिहाज से पचमढ़ी सबसे ठंडा शहर रहा। इसके अलावा रायसेन में 33, छिंदवाड़ा में 34.4, दमोह में 35.5 और बैतूल में 35.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।