
नरेंद्र मोदी आज तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सबकी निगाहें मध्य प्रदेश पर भी टिकी हुई हैं। ऐसा इसलिए है क्यों प्रदेश में भाजपा को दिल खोलकर वोट दिए हैं। प्रदेश की पूरी की पूरी 29 सीटों पर कमल खिला है। ऐसे में प्रदेश से कितने सांसद मंत्री बनेंगे, यह एक बड़ा सवाल है। अब इस सवाल का जवाब लगभग मिल गया है। मध्य प्रदेश से पांच सांसद मोदी की टीम में शामिल हो सकते हैं। इनमें शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक, सावित्री ठाकुर और दुर्गादास उईके का नाम शामिल है। इससे पहले खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी का नाम भी जोरों से चल रहा था। अब इन सभी नामों पर विराम लग गया है। विदिशा से बड़ी जीत दर्ज करने वाले पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, टीकमगढ़ सांसद डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक, धार सांसद सावित्री ठाकुर और बैतूल सांसद दुर्गादास उईके का नाम पर संभावित मोहर लग गई है। ये सभी नेता पीएम मोदी की टी पार्टी में भी शामिल हुए थे।
पिछले कार्यकाल में मप्र से कितने मंत्री बने थे
पिछली मोदी सरकार में प्रदेश से छह मंत्री बनाए गए थे। इनमें डॉ. वीरेंद्र खटीक, नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रह्लाद पटेल, थावरचंद गहलोत और फग्गन सिंह कुलस्ते को जगह मिली थी।
शिवराज और सिंधिया को नेताओं ने दी बधाई
बता दें कि मध्य प्रदेश के सभी सांसद दो दिन से दिल्ली में हैं। इसके अलावा कुछ विधायक भी दिल्ली में बने हुए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव और दोनों उप मुख्यमंत्री भी वहां मौजूद हैं। इनमें से ज्यादातर नेता मध्य प्रदेश भवन में रुके हुए हैं। कई नेता शिवराज सिंह और सिंधिया से मिलने उनके कमरे में पहुंचे और उन्हें बधाई दी।

