रामनवमी पर हुए हवन अनुष्ठान, शोभायात्रा निकलीः जगह-जगह हुये भंडारे, कन्या पूजन कर श्रद्धालुओं ने व्रत खोले

ग्वालियर। राम जन्मोत्सव को लेकर ग्वालियर के मंदिरों में बुधवार को श्रद्धालुओंकी भारी भीड़ जुटी रही। फालका बाजार स्थित श्रीराम मंदिर पर श्रीराम का जन्म दिवस धूमधाम से मनाया गया। अंचल में मुरार सहित अन्य स्थानों पर शोभायात्रा भी निकली। भगवान श्रीराम के जन्मदिवस के अवसर पर बधाइयां गाई गई। मंदिरों में कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया। इसके साथ ही महानवमीं पर देवी मंदिरों में भी धार्मिक अनुष्ठान हुये। लोगों ने कन्यापूजन कर अपने व्रत खोले। दिनभर देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।
रामनवमीं पर मंदिरों में पूजा-अर्चना करने श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ ने जय जय श्री राम का जय घोष किया। जिले में सुबह होते ही लोग अपने परिवार के साथ मंदिर की ओर जाते दिखे। इस दौरान शहर के फालका बाजार स्थित श्रीराम मंदिर में सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। लोग मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते नजर आए। पूजन के दौरान लोगों ने भगवान श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष फल-फूल, प्रसाद चढ़ाया। इसके साथ ही अपने परिवार की मंगल कामना की। इधर शहर में नवदुर्गा महोत्सव के अंतिम दिन नवमी पूजन कार्यक्रम श्रद्धा भाव से किया गया। शहर के देवी मंदिरों पर कन्या पूजन का सिलसिला दिनभर चला। लोगों ने घरों के अंदर धार्मिक अनुष्ठान को पूरा करते हुए कन्या पूजन हवन पूजन कार्यक्रम आयोजित किया। इस तरह पूरे शहर में प्रसाद एवं भंडारे का वितरण भी हुआ।