विप्र महासभा ने रक्तदान शिविर आयोजित कर मनाई महर्षि भृगु की जयंती, रक्तदाताओं को सम्मानित किया

ग्वालियर। विप्र महासभा के तत्वाधान में गुरुवार को स्वर्ग सदन आश्रम में महर्षि भृगु की जयन्ती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। पं. यतेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा श्री परशुराम सर्व ब्राह्मण महासंघ की राष्ट्रीय महामन्त्री मधु भार्गव, विप्र महासभा के संस्थापक धीरेंद्र चौबे एवं सर्व ब्राह्मण महासंघ के युवा जिलाध्यक्ष कपिल भार्गव को विधि विधान के साथ महर्षि भृगु की पूजा अर्चना कराने के साथ इस भृगु जयन्ती उत्सव का शुभारंभ हुआ। इसी के साथ यूथ पावर केयर रक्तदान सेवा समिति एवं रेडक्रास ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर आरंभ हुआ। उक्त कार्यक्रम में जीडीए के सीईओ नरोत्तम भार्गव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि जिला पंजीयक दिनेश गौतम थे तो कार्यक्रम की अध्यक्षता रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव नवल किशोर शुक्ला ने की। मुख्य अतिथि जीडीए के सीईओ नरोत्तम भार्गव ने अपने उदबोधन में कहा कि रक्तदान के ऐसे फायदे हैं जिनसे तुरंत आत्मिक संतुष्टि मिलती है। हाँ, यह सच है कि हममें से बहुतों के पास दिन में इतने घंटे नहीं होते कि वे सब कुछ कर सकें। इसलिए यह आश्चर्य की बात नहीं है कि बहुत से लोग रक्तदान करने के लिए समय नहीं निकाल पाते। लेकिन हमें यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि एक बार रक्तदान करने से तीन लोगों की जान बच सकती है। रक्तदान करने के और भी कई फायदे हैं जिनके बारे में शायद आपको पता न हो, मसलन रक्तदान से शरीर में रक्त की कमी नहीं होती बल्कि रक्त शरीर में दोगुनी गति से बढ़ता है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान के प्रति सामाजिक जनचेतना जरूरी है।
रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया
 अतिथीगण ने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी परमार्थी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कपिल भार्गव ने एवं आभार धीरेंद्र चौबे ने किया। इस अवसर पर विकास गोस्वामी अनूप शर्मा, मनीषा शर्मा, संदीप शर्मा, गजेंद्र जैन, धीरज बंसल, आदित्य भार्गव, प्रमोद दुबे, सीमा समाधिया, डॉ. एसडी शर्मा, मोहनीश भार्गव, सन्नी शर्मा, कोमल, सुरेंद्र, पवन, शशांक, रविंद्र आदि उपस्थित रहे।