
ग्वालियर। रेलवे की तत्काल सेवा से यात्रियों को कितनी मदद मिली यह बात सभी जानते हैं। इसको देखते हुए भारत सरकार ने पासपोर्ट बनवाने वालों को लंबे इंतजार से राहत देने के लिए तत्काल सेवा शुरू की थी। जो काफी लोकप्रिय हो चुकी है और लोग इसका लाभ भी ले रहे हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि पासपोर्ट बनवाने के लिए यदि आप निर्धारित समय में स्लाट बुक करते हैं तो आपको तत्काल सेवा की तरह ही लाभ मिल सकता है, न तो आपको तत्काल सेवा की तरह अतिरिक्त शुल्क देना होगा और आपका पासपोर्ट भी जल्द बन जाएगा। बस आपको इसका लाभ लेने के लिए सुबह 10 से 11 बजे के बीच आनलाइन स्लाट चैक करने होंगे। क्योंकि इस वक्त काफी लोग स्लाट छोड़कर री-शेडयूल करते हैं और आगे का स्लाट बुक कर लेते हैं। ऐसे में जो स्लाट खाली होता है उसे कोई भी बुक कर सकता है। जिसका लाभ आप कैसे ले सकते हैं ।
पासपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि ग्वालियर पासपोर्ट सेवा केंद्र पर प्रतिदिन 100 लोगों के अपाइंटमेंट आनलाइन दर्ज होते हैं, लेकिन इनमें से करीब 20 प्रतिशत लोग पासपोर्ट बनवाने के लिए नहीं आते क्योंकि इनमें से करीब दस प्रतिशत लोग अपना स्लाट रीशेड्यूल कर लेते हैं। बाकी जो लोग वेरिफिकेशन के लिए सेवा केंद्र पहुंचते हैं उनमें 20 प्रतिशत लोगों के दस्तावेजों में गड़बड़ निकलती है। इस कारण से महज 60 से 70 प्रतिशत के दस्तावेज अपलोड हो पाते हैं। बाड़ा स्थिति डाकघर में संचालित हो रहा पासपोर्ट सेवा केंद्र में इन दिनों पासपोर्ट बनवाने के लिए एक माह बाद का स्लाट बुक करा रहे हैं। इस लंबी प्रतीक्षा से आप बच सकते हैं। उसके लिए आप हर सुबह 10 से 11 बजे तक आनलाइन स्लाट चेक करेंगे तो वह खाली मिल जाता है। इसी वक्त आप तत्काल बुक कर नजदीकी तिथि लें। इस तरह से बुक करने पर आपका पासपोर्ट दस से बारह दिन में बनकर घर पहुंच जाता है।
कौन से दस्तावेजों की जरूरत
वेबसाइट पर आपको डाक्यूमेंट्स की एक लिस्ट दी गई है। इसमें शामिल हैं एनेक्सर एफ के तहत वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट, वोटर आइडी कार्ड, आर्म्स लाइसेंस, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, वोटर आईडी कार्ड, गैस कनेक्शन बिल, बैंक पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, सर्विस फोटो आइडेंटिटी, स्टूडेंट आईडी कार्ड, प्रापर्टी, पेंशन दस्तावेज, पैन कार्ड, रेलवे आइडी और एससी/एसटी/ओबीसी सर्टिफिकेट (अगर आप समुदाय से हैं) गौरतलब है कि इन दस्तावेज में से कोई भी तीन जमा कर सकते हैं। तत्काल सेवा का लाभ लेने के लिए आपको दो हजार रुपये अतिरिक्त शुल्क अदा करना पड़ता है। इस बात का ध्यान रखें कि दस्तावेज में नाम अलग व कम ज्यादा शब्द न हो और उनकी स्पेलिंग में गड़बड़ न हो।

