
बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा दिल्ली की नई दिल्ली सीट से चुनाव जीत गए। उन्होंने आम आदमी पार्टी के सबसे बड़े नेता अरविंद केजरीवाल को पटखनी दी है। उनके जीतने के बाद सियासी गलियारों में उनके सीएम बनने की चर्चाएं जोरों पर हैं।
खैर, प्रवेश वर्मा की जीत से दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश तक में खुशी मनाई जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि मध्य प्रदेश के धार में प्रवेश वर्मा का ससुराल है। उनकी सास वर्तमान में बीजेपी से विधायक हैं, जबकि ससुर पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। प्रवेश के तीन बच्चे हैं, एक बेटा शिवेन सिंह और दो बेटियां सानिधि और प्रिशा। BJP के मंडल अध्यक्ष विशाल निगम ने बताया, प्रवेश वर्मा धार के दामाद हैं और वे नीना वर्मा के चुनाव में चुनाव प्रचार के लिए आते रहते हैं। धार के कई कार्यकर्ताओं से उनका सीधा संपर्क है। धार से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पहुंचकर प्रचार में हिस्सा लिया था। उनकी जीत पर कार्यकर्ताओं ने जमकर यहां खुशियां मनाई।
इस जीत के कारण बीजेपी कार्यकर्ताओं में काफी जोश देखा गया। स्थानीय बीजेपी कार्यालय पर उज्जैन औऱ धार के कार्यकर्ताओं ने मिलकर जश्न मनाया। इस दौरान ग्रामीण अध्यक्ष राजेश धाकड़ और नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित सभापति कलावती यादव भी मौजूद रहीं। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर एक दूसरे को मिठाईयां खिलाईं और ढोल की थाप पर जमकर नाचे। भाजपा नेताओं ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों को भी दिया।
कौन हैं प्रवेश वर्मा
प्रवेश साहिब सिंह वर्मा भारतीय जनता पार्टी भाजपा के प्रमुख नेता हैं। जो दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के पुत्र हैं। उनका जन्म 7 नवंबर 1977 को दिल्ली में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम से प्राप्त करने के बाद, उन्होंने किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक किया और फिर अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में एमबीए की डिग्री हासिल की।
प्रवेश वर्मा ने 2013 में महरौली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर राजनीति में प्रवेश किया और कांग्रेस के योगानंद शास्त्री को हराया। इसके बाद, 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में वे पश्चिमी दिल्ली से सांसद चुने गए। 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराया, जिससे वे मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों में शामिल हो गए हैं।
मध्य प्रदेश नवीनतम अपडेट्स के लिए bhaskarplus.com से जुड़े रहें! यहां पढ़ें MP News और पाएं MP Breaking News in Hindi हर पल की जानकारी । मध्य प्रदेश की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

