कनकेश्वरी देवी की श्रीमद् देवी भागवत कथा 18 से, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर होंगे कथा के मुख्य यजमान

ग्वालियर। मां कनकेश्वरी देवी भक्ति योग वेदांत सेवा संघ ग्वालियर द्वारा मानस मर्मज्ञ प्रवक्ता,परम पूज्य संत मां कनकेश्वरी देवी जी के मुखारबिंद से ग्वालियर में नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन रामलीला मैदान मुरार में होने जा रहा है। ग्वालियर में एक बार फिर साध्वी और जानी-मानी कथा वाचक मां कनकेश्वरी देवी भक्तों को आशीर्वाद देंगी। दंदरौआ धाम के महंत रामदास महाराज के मुख्य आतिथ्य में मुरार के रामलीला मैदान में श्रीमद् देवी भागवत कथा के लिए विधि विधान और पूजा अर्चना के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस मौके पर कथा के मुख्य यजमान मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर रामू और प्रबल प्रताप सिंह तोमर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा मां कनकेश्वरी देवी की ग्वालियर सहित पूरे अंचल में कृपा बनी हुई है, जब भी बात राम कथा की हो या श्रीमद् भागवत कथा की हो मां कनकेश्वरी देवी इसके लिए सहर्ष तैयार हो जाती हैं। इस बार उन्होंने देवी भागवत का आयोजन करने की बात कही है। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा देवी भागवत में मां कनकेश्वरी देवी नव दुर्गा के प्रत्येक स्वरूप के महात्म का बखान करेंगी। 18 नवंबर से 26 नवंबर तक वह हर दिन मां की कथाओं का वर्णन करेंगी। उन्होंने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि हर दो तीन साल में मुझे मां कनकेश्वरी का आशीर्वाद मिल जाता है। वह ग्वालियर समेत पूरे अंचल में अपने मुखारविंद से कथाएं कह चुकी हैं। ईश्वर की कृपा है और मां का आशीर्वाद है कि ग्वालियर में एक बार फिर रामलीला मैदान मुरार में देवी भागवत कथा का आयोजन होने जा रहा है।