गत्ता-प्लास्टिक फैक्ट्री में रात को भड़की आग, अफरा-तफरी का माहौल

ग्वालियर|  झांसी रोड स्थित विक्की फैक्ट्री इलाके में रविवार रात एक गत्ता-प्लास्टिक फैक्ट्री में भयंकर आग लग गई। रात करीब 11 बजे फैक्ट्री से उठती लपटें देख चौकीदार और आसपास के निवासियों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
फायर ब्रिगेड और पुलिस के मौके पर पहुंचने तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। रात 11:30 बजे तक दमकल की 22 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्ता, प्लास्टिक और केमिकल होने की वजह से आग तेजी से फैल गई। यह फैक्ट्री शहर के प्रमुख कारोबारी पप्पू गुप्ता की बताई जा रही है। आसपास की अन्य फैक्ट्रियों के मालिक भी आग की स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंचे। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है।