
– गडढे में आकर बीती रात गिरी 25 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा, श्रद्धालुओं में आक्रोश
(धीरज बंसल)
ग्वालियर। भास्कर प्लस डाट काम ने पूर्व में ही सड़कों की घटिया हालत पर नगर निगम प्रशासन को आगाह किया था, लेकिन नगर निगम बेमतलब जनता को प्रताड़ित करने के काम में लगी रही और गडढम गडढा सड़कों की जर्जर हालत पर ध्यान नहीं दिया। जिस कारण स्थापित होने वाले 25 फीट ऊंची गणेश जी की प्रतिमा गडढा में आकर गिर गई और क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे के बाद से ही श्रद्धालुओं और आमजन में गहरा आक्रोश है। श्रद्धालु निगम प्रशासन पर आक्रोशित है, जिन्होंने सड़कों की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया और आस्था के पर्व में आस्था से ही निगम ने खिलवाड़ कर दिया।

उल्लेखनीय है कि शिंदे की छावनी स्थित खल्लासीपुरा में विराजित होने से पहले रविवार की देर सायं 25 फीट ऊंची गणेश जी की प्रतिमा सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई। शिंदे की छावनी मुख्यमार्ग पर नबाव साहब के कुएं के सामने जैसे ही गणेशजी के रथ को कट से निकाला गया तो सड़क में गड्ढे में पहिया जाने से प्रतिमा अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। प्रतिमा के साथ चल रहे दो श्रद्धालुओं को भी चोटें आई है। घटना के बाद पूरे मार्ग पर लंबा जाम लग गया था। देर रात मौके पर पहुंचे ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए है। बाद में क्रेन बुलाकर प्रतिमा को हटवाया गया। खल्लासीपुरा स्थित बीजासेन माता मंदिर पर पिछले एक दशक से अधिक समय से गणपतिजी की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इस वर्ष भी आयोजकों ने बप्पा विराजित करने के लिए जीवाजीगंज में मूर्तिकार से 25 फीट ऊंची प्रतिमा तैयार कराई थी। गणेश चतुर्थी यानी शनिवार को आयोजक तीन किलोमीटर दूर स्थापना स्थल पर पर प्रतिमा लेकर चले। लकड़ी के बने रथ पर रखने के बाद प्रतिमा की ऊंचाई चार फीट और बढ़ गई। यही वजह रही कि प्रतिमा को स्थापना स्थल तक पहुंचने में पूरे 27 घंटे का समय लग गया। लेकिन स्थापना से पहले ही नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण मूर्ति गिर गई। लोगों का मानना है कि नगर निगम को मालूम था कि गणेश उत्सव है उससे पहले ही सड़कों के गडढे बंद कर देना चाहिये थे। लेकिन ठहरे नगर निगम के रिश्वतखोर अधिकारी वह गडढे भरने पर नहीं, बल्कि जेब भरने पर ध्यान देते है। उन्हें सड़कों की बदहाल स्थिति से कोई मतलब नहीं था। इन गडढो में आकर वाहन तो आये दिन खराब हो जाते है। वहीं कई दफा हादसों का शिकार लोग भी होते है। लेकिन बीती रात्रि गणपति बप्पा की प्रतिमा के गडढे में आकर गिरने से लोगों में भारी आक्रोश है। वह नगर निगम को जमकर कोस रहे है। जिनके कारण स्थापना होने से पूर्व ही मूर्ति गिर गई।

