Headlines

सनातन धर्म मंडल चुनाव; मतदान और मतगणना की तैयारियां, जनसंपर्क शुरू

ग्वालियर। सनातन धर्म मंडल के चुनाव के नामांकन प्रक्रिया का चरण पूर्ण होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने उम्मीदवारों की फाइनल सूची मंडल के सूचना पटल पर चस्पा कर दी। इसके साथ ही निर्वाचन टीम ने मतदान व मतगणना की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दूसरी तरफ श्रीचक्रधर ग्रुप व सत्य सनातन ग्रुप के पैनल एक साथ मंडल के सदस्यों से जनसंपर्क शुरू कर दिया है।
दोनों ही ग्रुप सनातन धर्म मंडल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का दावा कर रहे हैं। श्रीचक्रधर ग्रुप के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार कैलाश चंद मित्तल का कहना है कि उनके ग्रुप को ठाकुरजी की सेवा का मौका मिलने पर समय पर साधारण सभा की बैठक बुलाने के साथ विकास कार्य किए जाएंगें। इनमें ठाकुरजी के गर्भगृह को चांदी से मढ़ने के साथ अन्य सेवा कार्य शामिल हैं। मंदिर परिसर को स्वच्छ रखने पर उनका पूरा फोकस होगा। इसके साथ ही सेवा प्रकल्प शुरु किए जाएंगें। इसी तरह सत्य सनातन ग्रुप के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विजय गोयल ने बताया कि उनका ग्रुप सनातन धर्म मंडल का संचालन मंडल के विधान के अनुसार करेगा। राष्ट्र के ख्यातिलब्ध संत- महात्माओं के प्रवचन, कथाओं व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाएगा। मंडल का मूल उद्देश्य ही सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार है। इसके साथ ही ग्रुप ने वचनपत्र भी जारी किया है।
शुक्रवार यानी नौ अगस्त तक दोनों ग्रुपों के पैनल संरक्षक व आजीवन सदस्यों का विश्वास जीतने के लिए जनसंपर्क करेंगे और 10 अगस्त शनिवार को मतदान होगा। उसी दिन मतों की गिनती की जाएगी। श्रावण मास के चौथे सोमवार को ही नवीन कार्यकारिणी सनातन धर्म मंडल का दायित्व संभालेंगीं। चुनाव की गहमागहमी के बीच ओमप्रकाश जाजौरिया के अध्यक्ष और प्रधानमंत्री की पात्रता को लेकर कोर्ट में जाने की चर्चा थी। जाजौरिया का कहना है कि वे दिल्ली में हैं। फिलहाल कोर्ट में जाने का उनका कोई विचार नहीं हैं।