
ग्वालियर। जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए बनाए गए नए पोर्टल ने परेशानी दूर करने के बजाय बढ़ा दी। जयारोग्य अस्पताल की एमआरडी(मेडिकल रिकार्ड विभाग) शाखा में मार्च माह से पहले के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने पहुंच रहे लोगों को वापस लौटना पड़ रहा है। दरअसल पोर्टल पुराना डाटा नहीं दिखा रहा है जिससे प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। इस कारण रोजाना 15 से ज्यादा लोग प्रमाण पत्र के लिए आवेदन जमा किए बिना ही वापस लौट रहे हैं।
पुराने जन्म और मृत्यु प्रमाण के ढेरों आवेदन एमआरडी शाखा में पड़े हैं। वर्ष 2023 में जन्में बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र के आधा सैंकड़ा आवेदन पेडिंग हैं। नए पोर्टल के फेर में यह प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं। मार्च माह से पहले के जितने भी प्रमाण पत्र हैं उनको एमडीआर शाखा नहीं बना पा रही है। पोर्टल में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए पत्र लिखे गए हैं, लेकिन अब तक व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका है। जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जबकि नया पोर्टल लोगों को असुविधा से बचाने के लिए लांच किया गया था।
नवम्बर 2023 में जन्मे बच्चे का प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अभिभावक ने जेएएच की एमआरडी शाखा में आवेदन किया, लेकिन प्रमाण पत्र नहीं बन सका। ग्वालियर निवासी गौरीशंकर ने जनवरी 2024 में जन्मे अपने बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया हुआ है, लेकिन नए पोर्टल ने उनका आवेदन भी अटका रखा है। इस तरह के केस एक ही सैंकड़ों हैं, लेकिन व्यवस्था में सुधार के प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

