
ग्वालियर। शहर में स्ट्रीट लाइटों को रोशन रखने के लिए लगाए गए सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल मैनेजमेंट सिस्टम (सीसीएमएस) चोरी होने की घटनाएं सामने आने के बाद स्मार्ट सिटी सीईओ नीतू माथुर ने गुरुवार को कार्य की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस बल की मदद ली जाए, साथ ही अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर स्ट्रीट लाइट की शिकायतों का निराकरण किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी, नगर निगम व विद्युत विभाग के साथ समन्वयन स्थापित कर शहर की गलियों व सड़कों में प्रकाश की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं उन्होंने स्ट्रीट लाइटों की निगरानी के लिए विधानसभावार इंजीनियरों को जिम्मेदारी दी है। ग्वालियर विधानसभा के लिए सहायक यंत्री अनिल सिंह चौहान, पूर्व विधानसभा के लिए उपयंत्री काजी खलील और दक्षिण विधानसभा के लिए सहायक यंत्री डीके जैन को अधिकृत किया गया है। ये तीनों अधिकारी अधीक्षण यंत्री सुबोध खरे के नेतृत्व में स्ट्रीट लाइटों के संधारण की निगरानी करेंगे। गुरुवार को समीक्षा के दौरान एचपीएल कंपनी ने आसामाजिक तत्वों द्वारा सीसीएमएस बाक्स चोरी करने व तार काटने की समस्या से सीईओ को अवगत कराया। इस पर उन्होंने अधीक्षण यंत्री सुबोध खरे को निर्देशित किया कि वह इस मामले मे पुलिस की मदद लेकर ऐसे लोगो पर कार्रवाई करवाना सुनिश्चत करें।
इसके अलावा वार्ड में प्रतिदिन लगने वाली लाइटों व संधारण कार्य की रिपोर्ट बनाकर जमा कराना सुनिश्चित करें। बैठक में इंजीनियरों ने बताया कि अभी तक एचपीएल कंपनी ने वार्ड एक से 60 तक 1.14 लाख शिकायतों का निराकरण किया है। संधारण कार्य में 5500 नई एलईडी लाइटें लगाई गई हैं, जबकि 73 हजार लाइटों को बदलकर दूसरी लाइटें लगाई गई हैं। इसके साथ ही 800 सीसीएमएस बाक्स भी लगाए गए हैं। वहीं सीसीएमएस चोरी होने के बाद देर शाम मोटल तानसेन के पास लाइटों की मरम्मत का काम शुरू कराया गया। स्मार्ट सिटी सीईओ ने लाइटों की शिकायतें दर्ज करने के लिए समीक्षा के दौरान हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन ने हेल्पलाइन नंबर 0751-2646622 और 8234031784 नंबर जारी किए हैं। इसके साथ ही एचपीएल कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सलामत खां के मोबाइल नंबर 987091761 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

