बैसली नदी में बही महिला, पानी में चट्टान के पास उतराती मिली लाश

ग्वालियर। ग्वालियर के हस्तिनापुर इलाके में बैसली नदी में डूबकर एक महिला की मौत हो गई। महिला नदी पार कर दूसरी तरफ स्थित मंदिर जा रही थी, अचानक पानी का तेज बहाव आया और महिला का पैर फिसल गया। महिला की नदी में डूबने से मौत हो गई। महिला की लाश करीब एक किलोमीटर आगे पानी में चट्टान के पास उतराती हुई मिल गई। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। हस्तिनापुर थाना पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम किया है।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिरसौद गांव में रहने वालीं बबीता शर्मा सोमवार सुबह घर से निकली। सिरसौद से बैसली नदी गुजरती है, बैसली नदी के दूसरे छोर पर शिव मंदिर है, जहां तक जाने के लिए नदी पार करनी पड़ती है। नदी में बारिश के चलते पानी आ गया है, वैसे यहां ज्यादा पानी नहीं रहता। अभी नदी में चार से पांच फीट पानी है। महिला नदी पार कर रही थी, तभी अचानक तेज बहाव आ गया। पानी में महिला का पैर फिसल गया और महिला नदी में बह गई, जब काफी देर तक महिला का कोई सुराग नहीं लगा तो स्वजनों ने ढूंढना शुरू किया।हस्तिनापुर थाना प्रभारी राजकुमार राजावत और उनकी टीम यहां पहुंच गए। शव को ढूंढने के लिए गोताखोरों को पानी में उतारा गया। करीब एक किलोमीटर आगे महिला का शव पानी में उतराते मिला। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। मृतका के स्वजन पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने समझाया तो पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए। परिजनों का कहना है, बबीता कभी कभी ही मंदिर जाती थीं, लेकिन अकेले कभी नहीं जाती थीं। सोमवार को अचानक मंदिर जाने के लिए कहा और चली गई। नदी में तेज बहाव की वजह से उनकी जान चली गई।