ट्रांसपोर्ट नगर का हाल बेहाल, बड़े-बड़े गड्ढों में बदल गई हैं सड़कें, चेंबर आंदोलन की तैयारी में

(धीरज बंसल)
ग्वालियर (भास्कर प्लस डाट काम)। शहर के एकमात्र व्यापारिक केंद्र ट्रांसपोर्ट नगर का हाल बेहाल हो चुका है। यहां की सड़के बड़े-बड़े गड्ढों में बदल गई है। आलम ये है कि यहां जाने से माल वाहक कराते हैं। नतीजा ये कि सामान को ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंचाने के लिए व्यापारियों को यहां की जर्जर हालत के कारण तीन गुना किराया भुगतना पड़ता है। ट्रांसपोर्ट नगर की ये स्थिति अभी की नहीं बल्कि लंबे समय से जस की तस बनी हुई है। इस अव्यवस्था से अब व्यापारियों की सबसे बड़ी संस्था चेंबर ऑफ कॉमर्स खफा हो गया है। चेंबर ऑफ कॉमर्स में हुई एक बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर के व्यापारियों ने पूरी स्थिति सामने रखी। इसके बाद चेंबर के पदाधिकारियों ने साफ कहा कि अगर ट्रांसपोर्ट नगर सहित शहर की जर्जर सड़कों की बदहाल स्थिति को जल्द ठीक नहीं किया गया तो मजबूरन आंदोलन किया जाएगा।
ट्रांसपोर्ट नगर में शहर के लगभग 80 प्रतिशत कारोबारियों के गोडाउन हैं। जबकि यहां की सड़कें पिछले कई सालों से जर्जर स्थिति में है। हाल ही में हुई बारिश के कारण स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई है। सड़क में काफी गहरे गड्ढे है जिसके कारण यहां आने जाने में बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ट्रांसपोर्ट नगर की समस्या पर तत्कालीन मुख्यमंत्री से लेकर वर्तमान सांसद तक से व्यापारी गुहार लगा चुके है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ट्रांसपोर्ट नगर की स्थिति से शासन भी अच्छी तरह से वाकिफ है। इसलिए मुख्यमंत्री कायाकल्प अभियान के तहत 18 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई थी। इस राशि के जरिए ट्रांसपोर्ट नगर की मुख्य सड़क का निर्माण किया जाना है। जबकि यह कार्रवाई फिलहाल टेंडर प्रक्रिया में है। ट्रांसपोर्ट नगर को जीडीए द्वारा बसाया गया था। अब यह क्षेत्र बरा, शंकरपुर तक फैल गया है। इन क्षेत्रों की सड़कों के निर्माण के लिए लगभग 200 करोड़ रुपए की राशि की जरूरत बताई जा रही है। यह तभी संभव है जब इसकी डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार का सहयोग लिया जाए। इसके लिए चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने काफी प्रयास भी किए। जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अब तक तक इस पर ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है। अध्यक्ष चेंबर ऑफ कॉमर्स डॉ. प्रवीण अग्रवाल का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर शहर का एकमात्र व्यवसायिक केंद्र है। यहां लंबे समय से सड़को की गंभीर समस्या है। बैठक में इस समस्या का जल्द से जल्द निराकरण करने की मांग की गई है।
पढ़ते रहिये भास्कर प्लस