Review Overview
भारत ने विश्व में इतिहास रच दिया है. बुधवार की शाम को Chandrayaan-3 ने चांद की सतह पर सफल लैंडिंग कर ली है. भारत का नाम अब दुनिया के उन चार देशों में जुड़ गया है, जो सॉफ्ट लैंडिंग में एक्सपर्ट हैं. इस सफलता को हासिल करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन चुका है. पिछली बार चंद्रयान-2 की क्रैश लैंडिंग हुई थी. तब भारत को बहुत मायूसी हाथ लगी थी, लेकिन इस बार तगड़ी तैयारी की गई थी और नतीजा सफलता के रूप में हासिल हुआ है. ISRO ने चांद पर परचम लहरा दिया है. Chandrayaan-3 ने चांद की सतह पर अपने कदम रख दिए हैं.
अब पूरे विश्व को चांद से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलेंगे. क्योंकि दुनिया का सबसे शक्तिशाली मुल्क अमेरिका चांद तक पहुंच गया, लेकिन चांद का रहस्य सुलझाने में नाकाम रहा. रूस चांद तक तो पहुंच गया, लेकिन चंद्रमा पर जीवन की संभावना है या नहीं? इस सवाल का जवाब तलाश नहीं सका. चांद पर चीन का अंतरिक्ष यान भी लैंड हुआ, लेकिन चांद की पहेली सुलझ नहीं सकी. भले ही भारत का चंद्रयान लैंडिंग के वक्त फेल हो गया, लेकिन भारत के मिशन से दुनिया को पहली बार पता चला कि चांद पर पानी मौजूद है. इससे पहले चांद पर पानी की संभावनाओं को नासा सिरे से नकार चुका था. अब पूरी दुनिया की नजरें भारत के चंद्रयान-3 पर हैं. 23 अगस्त पर चंद्रयान-3 की हुई सफल लैंडिंग का मतलब है – चांद को लेकर इंसानी दिमाग में चल रहे एक-एक सवाल का जवाब मिलने की उम्मीद है.
दुनिया में अब से पहले चांद पर सिर्फ तीन देश सफलतापूर्वक उतर पाए थे. अमेरिका, रूस (तब सोवियत संघ) और चीन. अब भारत के चंद्रयान-3 को सॉफ्ट लैंडिंग में सफलता मिली है, भारत ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है. वहीं भारत दक्षिणी ध्रुव के इलाके में लैंडिंग कराने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है. ISRO चीफ एस सोमनाथ ने बताया कि दो से चार घंटे में ‘विक्रम’ लैंडर से रोवर प्रज्ञान बाहर आएगा. यह इस पर निर्भर करता है कि लैंडिंग वाली जगह पर धूल कैसी जमती है. इसके बाद इसरो चार्जेबल बैटरी के जरिए रोवर को जीवित रखने की कोशिश करेगा. यदि यह सफल रहा तो रोवर का अगले 14 दिनों के लिए उपयोग किया जाएगा.
‘भारत मैं चांद पर पहुंच गया’, चंद्रयान-3 ने भेजा संदेश
ISRO का चंद्रयान-3 मिशन सफल हो गया है. भारत यह सफलता हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन चुका है. वहीं चंद्रयान की सफल लैंडिंग के बाद ISRO ने ट्वीट किया है, जिसके जरिए देश को संदेश भेजा है. ISRO की ओर से ट्वीट किया गया, “भारत, मैं अपनी डेस्टिनेशन पर पहुंच गया हूं और आप भी. चंद्रयान-3 मून पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंड हो गया है. बधाई इंडिया” …