Review Overview
राजस्थान के मारवाड़ क्षेत्र में प्रभाव रखने वाले पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के बेटे विधायक मानवेंद्र सिंह एवं उनकी बहू चित्रा सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।
बीजेपी के संस्थापक सदस्य रहे पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह के पूरे परिवार ने बुधवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया. राजस्थान के मारवाड़ इलाके में खासा प्रभाव रखने वाले जसवंत के परिवार का बीजेपी से अलग होना पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास पर जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह आज पूरे परिवार के साथ पार्टी में शामिल हो गए. मानवेंद्र इस समय बीजेपी से शिव सीट से विधायक हैं. मानवेंद्र के साथ उनकी पत्नी चित्रा सिंह, जीवंत सिंह के दूसरे बेटे भूपेन्द्र सिंह और जसवंत सिंह की पत्नी शीतल कवर ने कांग्रेस की सदस्यता ली. कांग्रेस का दामन थामने के बाद मानवेंद्र सिंह ने पूरे परिवार के साथ अपने आवास पर यज्ञ भी कराया.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस की स्थिति अच्छी है और मानवेंद्र के शामिल होने से पार्टी को लाभ होगा। बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा सीट से विधायक मानवेंद्र सिंह ने बीते 22 सितंबर को बाड़मेर में रैली कर भाजपा छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि ‘कमल का फूल, हमारी भूल’ रही। वहीं, उनकी पत्नी चित्रा सिंह ने सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया था। गौरतलब है कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जसवंत सिंह को टिकट नहीं दिया था। इससे उनको निर्दलीय ही चुनाव लड़ना पड़ा था। उस चुनाव में जसवंत सिंह हार गए थे। उसी समय से जसवंत सिंह का परिवार भाजपा से नाराज चल रहा है।