इंदौर. खतरनाक मकान को तोडऩे आए अफसर से मारपीट के मामले में पुलिस ने भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, मारपीट और बलवे की धारा में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही है। भारी संख्या में समर्थक नारेबाजी कर रहे हैं। इधर निगम कर्मचारियों ने नगर निगम और थाने में हंगामा करने के साथ काम बंद कर दिया है।
नगर निगम आयुक्त आशीष सिंह ने कहा कि जिस मकान को तोडऩे की कार्रवाई आज की जा रही थी, उसे लेकर विधायक आकाश विजयवर्गीय का कहना था कि वह जर्जर नहीं है। हमने उनसे दिखवाकर कार्रवाई करने का कहा था। उन्होंने ही मकान के फोटो दिए थे, जो कि जर्जर दिख रहा है। इसलिए तोडऩे के लिए टीम पहुंची थी। निगम अधिकारी धीरेंद्र बायस के साथ मारपीट के बाद धारा 353 सहित 294 , 323, 506, 147, 148 में प्रकरण दर्ज करा दिया गया है। विधायक ने जो किया वो पूरी तरह से अराजकता फैलाने का प्रयास है। नगर निगम कर्मचारियों ने आज पूर्व नगर निगम आयुक्त मनीष सिंह को भी याद किया। निगमकर्मियों का कहना था कि पूर्व में चाटाकांड के बाद हुई कार्रवाई से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा था।